मंगन : जिले के काबी ब्लॉक खेल एवं युवा मामलों के विभाग द्वारा मंगलवार को कालजांग ग्याछो गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम के तहत राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजित किया गया।
गौरतलब है कि यह कार्यक्रम भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी और ‘हॉकी के जादूगर’ के नाम से प्रसिद्ध मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित सप्ताह भर चलने वाले अभियान का हिस्सा था। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों को खादा अर्पित करने और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम में काबी के बीडीओ ताशी वांग्याल भूटिया मुख्य अतिथि, केजीएसएसएस प्रिंसिपल परितोष पाठक सम्मानित अतिथि तथा पेम्पा छिरिंग शेरपा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे। इसके अलावा आसपास के विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर खेल एवं युवा मामलों के उप निदेशक पिंछो भूटिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। सहायक निदेशक राधिका बसनेत ने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व और भारतीय खेल जगत में मेजर ध्यानचंद के अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई खेल एवं फिटनेस गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें मुख्यमंत्री एक मील दौड़ प्रतियोगिता, योग प्रदर्शन, वॉलीबॉल, खो-खो, तीरंदाजी तथा चुंगी और पिट्टू जैसे पारंपरिक खेल शामिल थे।
मुख्यमंत्री एक मील दौड़ प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही, जमीनी स्तर पर खेलों में अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग की ओर से सभी भाग लेने वाले विद्यालयों को वॉलीबॉल सेट वितरित किए गए। प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का समापन युवाओं को नियमित खेल और शारीरिक गतिविधियों से जोडऩे तथा उनमें अनुशासन, टीमवर्क, दृढ़ता और खेल भावना विकसित करने के संदेश के साथ हुआ।
No Comments: