पाकिम : सिक्किम के शिक्षा, खेल एवं युवा मामला विभाग के मंत्री और नामचेबुंग के विधायक राजू बस्नेत ने गुरुवार को सरमसा स्थित एसकेएम पार्टी कार्यालय में एक समन्वय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में आगामी द्वितीय आमा सम्मान दिवस और 10वें जन उन्मुक्ति दिवस समारोह की विधानसभा क्षेत्र स्तर पर चल रही तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में विभिन्न बोर्ड अध्यक्ष, ओएसडी, निर्वाचन क्षेत्र स्तरीय समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य उपस्थित थे। इस दौरान, रंगपो में आयोजित होने वाले दोनों समारोहों को भव्य और सफल बनाने के लिए कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। लोगों की भागीदारी, वाहनों की व्यवस्था, परिवहन, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने, आयोजन स्थल पर आवश्यक सुविधाओं और विभिन्न समितियों के बीच समन्वय से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री राजू बस्नेत ने कहा कि आमा सम्मान दिवस परिवार, समाज और सिक्किम के भविष्य निर्माण में माताओं एवं महिलाओं की अमूल्य भूमिका के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं की गरिमा, कल्याण और सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई महिला-केंद्रित योजनाएं चला रही है।
मंत्री ने आगे कहा कि आमा सम्मान दिवस माताओं के त्याग, संघर्ष और योगदान के प्रति सरकार की कृतज्ञता को दर्शाता है। सिक्किम के विकास में महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
वहीं, जन उन्मुक्ति दिवस का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि यह दिवस लंबे समय तक हुई उपेक्षा से जनता की मुक्ति और पारदर्शी, जवाबदेह तथा जनकेंद्रित शासन के नए युग की शुरुआत का प्रतीक है। यह अवसर समावेशी विकास और जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता की याद दिलाता है।
मंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, मातृशक्ति और आम जनता से दोनों कार्यक्रमों में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की। उन्होंने प्रत्येक परिवार से उत्साह और एकजुटता के साथ समारोह में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में सभी ने आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए रंगपो में आयोजित होने वाले द्वितीय आमा सम्मान दिवस और 10वें जन उन्मुक्ति दिवस समारोह को सफल बनाने का संकल्प लिया।
No Comments: