गंगटोक : मतदाता सूची के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत योजना एवं विकास सचिव तथा मतदाता सूची पर्यवेक्षक तुषार निखारे ने गुरुवार को मार्तम प्रखंड प्रशासनिक केंद्र (बीएसी) का दौरा कर दावों और आपत्तियों के निपटारे के लिए चल रही सुनवाई प्रक्रिया की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए सुनवाई की पूरी प्रक्रिया का जायजा लिया कि सभी मामलों का निपटारा निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जा रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950, निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया।
पर्यवेक्षक ने सुनवाई स्थल पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और दावों, आपत्तियों तथा सहायक दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने उचित कानूनी प्रक्रिया, अभिलेखों के सही रखरखाव और आवेदनों के समय पर निपटारे को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
इस दौरान उन्होंने सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी, बूथ स्तरीय अधिकारियों और अन्य चुनाव कर्मियों से बातचीत कर सुनवाई की प्रगति, दस्तावेजों के सत्यापन और मामलों के निपटारे की स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने उन्हें मतदाताओं को दी जा रही सहायता और अब तक पूरी की गई कार्रवाई से अवगत कराया।
साथ ही, तुषार निखारे ने सुनवाई के लिए पहुंचे मतदाताओं से भी बातचीत कर प्रक्रिया के संबंध में उनकी प्रतिक्रिया ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदक को पर्याप्त मार्गदर्शन और अपना पक्ष रखने का उचित अवसर दिया जाए। साथ ही मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा कर चुनाव अधिकारियों का सहयोग करने की अपील की।
मार्तम बीएसी में की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए पर्यवेक्षक ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक पात्र मतदाता को पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान निष्पक्ष अवसर मिलना चाहिए। उल्लेखनीय है कि जिलेभर में एसआईआर के तहत सुनवाई की प्रक्रिया जारी है।
चुनाव अधिकारी मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहे हैं, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण सुचारु, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। मतदाता सूची पर्यवेक्षक सोमवार, 10 अगस्त को काबी स्थित प्रखंड प्रशासनिक केंद्र का दौरा कर मंगन जिले में चल रही सुनवाई प्रक्रिया की समीक्षा करेंगे।
No Comments: