माताओं के सम्मान में नामची में जुटेगा पूरा सिक्किम

विभागों को समय पर जिम्मेदारियां पूरी करने के निर्देश

नामची : आगामी 10 अगस्त को नामची जिले में आयोजित होने वाले दूसरे ‘आमा सम्मान दिवस’ की तैयारियों को लेकर शनिवार को नामची के भाईचुंग स्टेडियम में दूसरी समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करने के साथ विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए सिक्किम विधानसभा की उपाध्यक्ष राजकुमारी थापा ने कहा कि ‘आमा सम्मान दिवस’ मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की एक अनूठी पहल है, जो राज्य की माताओं के सम्मान में समर्पित है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में शुरू किया गया यह कार्यक्रम माताओं के अमूल्य योगदान और त्याग को सम्मान देने के साथ उनकी गरिमा, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए संबंधित विभागों और आयोजन समिति के सदस्यों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा कार्यक्रम में भाग लेने वाली प्रत्येक माता को आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

शहरी विकास तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री भोजराज राई ने माताओं के सम्मान में विशेष दिवस समर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी को समान भावना और एकजुटता के साथ कार्यक्रम की सफलता के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरे का जिम्मेदारीपूर्वक निस्तारण करने की भी अपील की।

वहीं, ग्रामीण विकास मंत्री अरुण कुमार उप्रेती ने विभिन्न विभागों को सौंपे गए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करे। उन्होंने संबंधित विभागों को आंतरिक बैठकें आयोजित कर कार्यक्रम को अधिक आकर्षक और सफल बनाने के लिए रचनात्मक सुझाव तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में लगातार समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

धार्मिक मामलों, पीएचई और जल संसाधन मंत्री सोनम लामा ने ‘आमा सम्मान दिवस’ की परिकल्पना के लिए मुख्यमंत्री की सराहना कराते हुए कहा कि संबंधित विभागों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और सभी को अधिक समर्पण एवं आपसी सहयोग के साथ अपने दायित्व पूरे करने चाहिए। साथ ही, उन्होंने लोगों से ‘लकी सेल्फी विद आमा’ अभियान में भाग लेने और सोशल मीडिया के माध्यम से इसका व्यापक प्रचार करने की भी अपील की।

इसके अलावा, नामची-सिंघीथांग के विधायक सतीश चंद्र राई ने बताया कि दूसरे ‘आमा सम्मान दिवस’ की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। पहली समन्वय बैठक के बाद सभी संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई थीं। उन्होंने अधिकारियों से बेहतर तालमेल के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का आग्रह किया। बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की पहल पर दूसरे ‘आमा सम्मान दिवस’ के अवसर पर ‘लकी सेल्फी विद आमा’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता 2 से 6 अगस्त 2026 तक चलेगी।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को अपनी मां के साथ सेल्फी लेकर निर्धारित ऑनलाइन लिंक के माध्यम से तस्वीर जमा कर पंजीकरण करना होगा। विजेताओं का चयन निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सॉफ्टवेयर आधारित प्रणाली से किया जाएगा। विजेताओं को 10 अगस्त को आयोजित मुख्य समारोह के दौरान पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार के रूप में दो लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार में डेढ़ लाख रुपये और तृतीय पुरस्कार में एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा सात प्रतिभागियों को 20-20 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

बैठक में मंत्री, विधायक, सलाहकार, विभिन्न बोर्डों के अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव और अतिरिक्त राजनीतिक सचिव, विशेष कार्याधिकारी, पार्षद तथा आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics