राबांग्ला : सिटिजन एक्शन पार्टी-सिक्किम (सीएपी) के महासचिव एवं प्रचार-प्रसार परिषद के प्रमुख जिग्मी डी भूटिया ने कहा कि राज्य में बढ़ती अनियमितताओं पर अंकुश लगाने, राज्य की गरिमा की रक्षा करने और आम जनता को न्याय दिलाने में केवल सिटिजन एक्शन पार्टी-सिक्किम ही सक्षम है। उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
इसी क्रम में सिटिजन एक्शन पार्टी-सिक्किम की बर्फुंग विधानसभा क्षेत्र स्तरीय समन्वय सभा पार्टी के सेवानिवृत्त कर्मचारी परिषद के उपाध्यक्ष गोपी चौहान की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में स्वागत भाषण के साथ मासिक बैठक की आवश्यकता और क्षेत्रीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राज्य में व्याप्त अनियमितताओं को समाप्त करने और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी निरंतर संघर्ष कर रही है।
पार्टी नेता पासांग लेप्चा ने कहा कि राज्य सरकार जनता के हित में प्रभावी ढंग से कार्य करने में विफल रही है। इसी कारण उन्होंने आम लोगों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से सिटिजन एक्शन पार्टी का दामन थामा। विद्यार्थी परिषद के अध्यक्ष सोनम लेप्चा ने सरकार के बिपासा (बिजली, पानी और सड़क) नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि गांवों में आज भी बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, सड़कें बदहाल हैं और पेयजल की समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक समस्याओं के समाधान के बजाय केवल प्रचार-प्रसार पर अधिक ध्यान दे रही है, जिससे जनता का भरोसा उठ चुका है।
अध्यक्षीय संबोधन में गोपी चौहान ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनता के बजाय कुछ पूंजीपतियों और अपने समर्थकों के हितों की रक्षा में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को आज भी बुनियादी सुविधाएं प्राप्त करने के लिए अनेक प्रशासनिक और प्रणालीगत कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि मेहनत कर आजीविका चलाने वाले दुग्ध उत्पादकों को पिछले 16 महीनों से दूध प्रोत्साहन राशि नहीं मिली है, जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में ट्राइबल सब प्लान के तहत इसके लिए राशि का प्रावधान किया गया था। उन्होंने सरकार से पूछा कि उक्त राशि आखिर खर्च कहां की गई।
बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति, ठेकेदारों के लंबित भुगतान तथा किसानों को सब्जियों के एमएसपी के भुगतान में भी भारी देरी हो रही है। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का राज्य में प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है, जिससे राज्य सरकार की वित्तीय अनुशासन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं। सभा को पार्टी के अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। अंत में जिला स्तरीय किसान परिषद के कार्यकारी सदस्य पेम्पो भूटिया ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
No Comments: