आजादी के जश्न में फुटबॉल का जोश, 16 टीमों की भिड़ंत शुरू

गेजिंग : 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गेजिंग जिले के मानेबुंग-देंताम में आयोजित समष्टि स्तरीय स्वतंत्रता दिवस-2026 के अंतर्गत विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का शनिवार से विधिवत शुभारंभ हो गया। स्वतंत्रता दिवस को भव्य, उत्साहपूर्ण और जनभागीदारी वाला पर्व बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस खेल महोत्सव में विभिन्न खेल विधाओं में स्थानीय खिलाड़ियों और विद्यार्थियों की भागीदारी रहेगी।

उद्घाटन समारोह में गेजिंग जिले के डीसी तेनजिंग डी. डेन्जोंग्पा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक एवं क्षेत्रीय विधायक सुदेश कुमार सुब्बा, गेजिंग वन विभाग के अधिकारी, देंताम महकमा अधिकारी एवं समारोह समिति के अध्यक्ष एनके कार्की, पूर्व विधायक एवं खादी बोर्ड के सलाहकार दीपक गुरुंग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में आयोजन समिति के सभी सदस्य, फुटबॉल समिति के प्रतिनिधि, स्थानीय सरकारी एवं निजी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिताएं 15 अगस्त तक चलेंगी। वरिष्ठ वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया है।

विजेता टीम को चार लाख रुपये, उपविजेता टीम को तीन लाख रुपये तथा आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा अंतरविद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता सहित अन्य खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीसी तेनजिंग डी. डेन्जोंग्पा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारी, एकता, अनुशासन और राष्ट्रभावना को मजबूत करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सहयोग की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस समष्टि स्तरीय खेलकूद कार्यक्रम से स्थानीय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थी और युवा अनुभव प्राप्त करने के साथ अपनी प्रतिभा को और निखार सकेंगे।

समारोह समिति ने बताया कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना है। विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देने के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अंतरविद्यालय प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया है। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह समष्टि स्तरीय कार्यक्रम राष्ट्रीय पर्व को स्थानीय स्तर पर जनसहभागिता के साथ मनाने का वातावरण तैयार कर रहा है। आयोजन से स्थानीय खेल प्रतिभाओं की पहचान, प्रोत्साहन और विकास को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं को खेल, अनुशासन, एकता और सकारात्मक सोच की दिशा में प्रेरित करने का संदेश भी दिया जा रहा है। उद्घाटन दिवस पर वरिष्ठ वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता में अल्पाइन फुटबॉल क्लब और माझ मांगमु की टीमों के बीच मुकाबला खेला गया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics