गंगटोक : सिक्किम के यांगगांग उपमंडल में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर रविवार को पहली समन्वय बैठक आयोजित की गई। न्यू एसडीएम कार्यालय सभागार में हुई इस बैठक में समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित और जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में क्षेत्र की विधायक एवं विधानसभा की उपाध्यक्ष राजकुमारी थापा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव बिकाश बस्नेत, खाद्य प्रसंस्करण विभाग के सलाहकार सीएल गुरुंग, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, एसकेएम के पदाधिकारी, महिला एवं युवा विंग के प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता तथा अन्य हितधारक उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत उपमंडल स्तरीय ओपन फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा जूनियर इंटर-स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता, इंटर-स्कूल शतरंज प्रतियोगिता और इंटर-स्कूल क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित होगी, ताकि युवाओं और विद्यार्थियों को खेल तथा बौद्धिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं, लोक संस्कृति और स्थानीय कला का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था में योगदान देने वाले दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित करने के लिए 15 रांगगांग-यांगगांग विधानसभा क्षेत्र ‘ग्वाला रत्न पुरस्कार’ भी प्रदान किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक राज कुमारी थापा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी के वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं है, बल्कि राज्य सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, अनुशासित और यादगार बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
No Comments: