पाकिम : सिक्किम के पाकिम जिले के नाथांग-माछोंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बारापथिंग में पुल ढहने के बाद गुरुवार को प्रशासन ने मौके का संयुक्त निरीक्षण कर क्षति का आकलन किया और संपर्क बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में जिला योजना अधिकारी (डीपीओ) टीआर छेत्री, राजस्व अधिकारी/एडी किरण छेत्री, 69वीं बटालियन एसएसबी के निरीक्षक अजय सिंह, भूमि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, खान एवं भूविज्ञान विभाग के अधिकारी तथा नालंदा इंजीकॉन प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि शामिल हुए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि संपर्क कट जाने से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों तक आवश्यक खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान पहुंचाने के लिए ट्रॉली प्रणाली का उपयोग किया जाएगा, ताकि राहत एवं आपूर्ति कार्य बाधित न हो।
प्रशासन ने नालंदा इंजीकॉन प्राइवेट लिमिटेड को बारापाथिंग-रोंगली मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र के लोगों की आवाजाही सुचारु हो सके। खान एवं भूविज्ञान विभाग के अधिकारियों ने स्थल का तकनीकी निरीक्षण भी किया। विभाग द्वारा ढलान (स्लोप) की स्थिरता का आकलन करते हुए विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसके आधार पर आगे के पुनर्बहाली और सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे।
इस बीच प्रभावित क्षेत्र में मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। साथ ही, भूस्खलन और अन्य संभावित खतरों से आसपास के रिहायशी इलाकों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षात्मक दीवारों का निर्माण भी किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्रशासन ने उन्हें भरोसा दिलाया कि संपर्क मार्ग को जल्द बहाल करने और उनकी सभी समस्याओं के समाधान के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
No Comments: