Sikkim आर्थिक रूप से पूरी तरह स्थिर : प्रेम सिंह तमांग

गंगटोक : सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर चल रही अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि सिक्किम आर्थिक रूप से पूरी तरह स्थिर है और सरकार अपनी विकास योजनाओं को जारी रखने में सक्षम है। उन्होंने किसानों, स्वास्थ्य सेवाओं, सडक़ आधारभूत संरचना और चिकित्सा शिक्षा से संबंधित कई नई पहलों की भी घोषणा की।

पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने राज्य सरकार के वित्तीय संकट में होने संबंधी खबरों को निराधार अफवाह करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी बातें जनता को भ्रमित करने के उद्देश्य से फैलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री तमांग ने कहा, यदि सरकार दिवालिया होती तो हम 18,455 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत नहीं कर पाते और न ही कर्मचारियों को समय पर वेतन दे पाते। उन्होंने बताया कि बजट में 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि राजस्व व्यय के लिए निर्धारित की गई है, जिसका सीधा लाभ राज्य के नागरिकों को मिलेगा।

राज्य की वित्तीय व्यवस्था का बचाव करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी ऋण भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा निर्धारित सीमा और सिक्किम के सकल राज्य घरेलू उत्पाद के आधार पर लिए गए हैं। सरकार ऋण की मूल राशि और ब्याज का भुगतान निर्धारित समय पर कर रही है। राज्य के कुल राजस्व का केवल करीब 8.45 प्रतिशत हिस्सा ऋण भुगतान में खर्च हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लिए गए ऋण का उपयोग नियमित खर्चों को पूरा करने के बजाय सडक़, भवन और अन्य उपयोगी सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण में किया गया है।

कृषि क्षेत्र के लिए राहत की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री तमांग ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत ऋण लेने वाले किसानों को समय पर भुगतान करने पर प्रभावी रूप से केवल एक प्रतिशत ब्याज देना होगा। शेष ब्याज का भार केंद्र और राज्य सरकार मिलकर वहन करेंगी। उन्होंने बताया कि कृषि, डेयरी और सुअर पालन से जुड़े पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री स्वरोजगार सहायता योजना के तहत बिना किसी जमानत या बैंक गारंटी के पांच लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता मिलती रहेगी।

वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि एसटीएनएम अस्पताल में जल्द ही किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू की जाएगी। इससे राज्य के मरीजों को उन्नत उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने 30 से 65 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर की निशुल्क जांच शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि देशभर में निशुल्क एचपीवी टीकाकरण शुरू होने के बाद राज्य सरकार अब कैंसर की रोकथाम और समय पर पहचान पर विशेष ध्यान दे रही है।

मुख्‍यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने आधारभूत संरचना विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने 570 किलोमीटर सड़कों की कारपेटिंग की योजना तैयार की है। इसमें पर्यटन स्थलों, शिक्षण संस्थानों और बाजारों को जोड़ने वाली सड़कों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इंटीग्रेटेड कल्चर एंड स्पोर्ट्स विलेज तथा नए कन्वेंशन सेंटर के निर्माण का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इसके अलावा, चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री तमांग ने कहा कि नए स्वीकृत श्रीमती सिक्किम लेप्चा मेडिकल कॉलेज में 100 एमबीबीएस सीटों के साथ पढ़ाई शुरू होगी। इनमें सिक्किम के पात्र विद्यार्थियों के लिए मेरिट के आधार पर 50 सीटों पर ट्यूशन फीस नहीं ली जाएगी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री शिक्षा सहायता योजना के तहत अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी। सिक्किम को मणिपुर में भी अतिरिक्त एमबीबीएस सीटें मिली हैं, जिससे राज्य के विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा शिक्षा के और अवसर उपलब्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी संग्रह में वृद्धि, मजबूत वित्तीय निगरानी और बेहतर राजस्व प्रबंधन के कारण सिक्किम की आर्थिक स्थिति काफी मजबूत हुई है। राज्य सरकार वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए विकास और जनकल्याण की योजनाओं को लगातार आगे बढ़ाती रहेगी।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics