नीट पेपर लीक ने छात्रों का भविष्य दांव पर लगाया : एसडीएफ

नामची : Sikkim Democratic Front (एसडीएफ) की नामची जिला कार्यसमिति के प्रचार सचिव दीपेन राई ने कहा कि नीट परीक्षा के पेपर लीक से देशभर के लाखों मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा विद्यार्थियों का भरोसा बहाल करने की मांग की।

इसी मांग के समर्थन में सोमवार को नामची के सेंट्रल पार्क में जिला कार्यसमिति की ओर से एकजुटता प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एसडीएफ की नामची जिला कार्यसमिति के सदस्यों ने नई दिल्ली में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के नेतृत्व में चल रहे नीट पेपर लीक विरोधी आंदोलन के प्रति अपना समर्थन और एकजुटता व्यक्त की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल नीट के प्रश्नपत्र लीक होने से हजारों छात्रों के वर्षों के कठिन परिश्रम पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। इस घटना ने परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। कार्यसमिति ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में केंद्र सरकार की जवाबदेही और पारदर्शिता का अभाव चिंताजनक है।

दिल्ली में चल रहे संसद चलो आंदोलन का समर्थन करते हुए समिति ने कहा कि वह देशभर के उन विद्यार्थियों और युवाओं के साथ खड़ी है, जो पारदर्शी और न्यायसंगत परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। एसडीएफ की नामची जिला कार्यसमिति ने सोमवार सुबह दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल की भी कड़ी निंदा की। समिति ने कहा कि न्याय की मांग कर रहे छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उसे गंभीरता से सुना जाना चाहिए।

समिति ने केंद्र सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने, दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने तथा देश की परीक्षा प्रणाली में विद्यार्थियों और आम जनता का विश्वास पुनः स्थापित करने की मांग की।

Next Post

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics