मंगन : ‘सिक्किम राइज’ के राज्यव्यापी आउटरीच और जागरुकता अभियान के तहत मंगन जिले में विभिन्न हितधारकों के साथ परामर्श बैठकों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्यमिता, नवाचार और स्थानीय स्तर पर युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स तथा इच्छुक उद्यमियों की अधिक भागीदारी को बढ़ावा देना था।
सिक्किम सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के ओएसडी तथा सीड सेल महासचिव दीपेन सुब्बा ने मंगन जिला कलेक्टर अनंत जैन और एसडीएम संदीप कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सिक्किम राइज की परिकल्पना, उद्देश्यों और इसके तहत उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। बैठक में जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, नवाचारकर्ताओं, स्टार्टअप्स और इच्छुक उद्यमियों को इस पहल से जोड़ने पर विशेष चर्चा हुई।
इसके बाद सुब्बा ने मंगन नगर पंचायत कार्यालय का दौरा किया, जहां नगर कार्यकारी अधिकारी और पार्षदों के साथ बैठक की गई। बैठक में सिक्किम राइज के तहत उपलब्ध विभिन्न अवसरों के बारे में जानकारी दी गई और पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में इच्छुक उद्यमियों, नवाचारकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों और युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया।
वहीं, आउटरीच कार्यक्रम के तहत पीएम श्री मंगन सीनियर सेकेंडरी स्कूल का भी दौरा किया गया। यहां सुब्बा ने प्रधानाचार्य कर्मा टेम्पो भूटिया से मुलाकात कर विद्यार्थियों को उद्यमिता और नवाचार को भविष्य के करियर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने का अनुरोध किया। बाद में उन्होंने मांगशिला स्थित सिक्किम गवर्नमेंट कॉलेज का दौरा कर प्रधानाचार्य डॉ. कर्मा सामतेन भूटिया के साथ बैठक की। कॉलेज प्रशासन को सिक्किम राइज के उद्देश्यों और संभावनाओं से अवगत कराते हुए विद्यार्थियों को अपनी नवीन सोच और उद्यमशील क्षमता प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया।
बैठकों में राज्य में एक मजबूत उद्यमशील पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने और नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सरकारी संस्थानों, शिक्षण संस्थानों और स्थानीय हितधारकों के बीच सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में सीड सेल के संगठन सचिव ताशी ओंगदुप लेप्चा और मंगन जिला संयुक्त समन्वयक तेनजिंग छोडेन लाचेनपा भी उपस्थित रहीं।
No Comments: