गंगटोक : सिक्किम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सीईओ राज यादव ने आज गंगटोक स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने राज्यभर में गणना प्रपत्र ईएफ वितरण, डिजिटलीकरण और क्षेत्रीय स्तर पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अब तक की उपलब्धियों को साझा किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और अन्य क्षेत्रीय कर्मियों के समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर सत्यापन और गणना कार्य को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में बीएलओ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
ताजा स्थिति रिपोर्ट के अनुसार, राज्य भर में अब तक कुल 2,62,555 गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 55.74 प्रतिशत है। यह कार्य घर-घर जाकर किए जा रहे विशेष अभियान के माध्यम से जारी है। साथ ही बीएलओ मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल सत्यापन भी किया जा रहा है, जिससे कवरेज और सटीकता में सुधार हो रहा है।
डिजिटलीकरण के मोर्चे पर अब तक 3,804 प्रपत्रों का डिजिटलीकरण किया गया है, जो 0.81 प्रतिशत है। वहीं 335 मतदाताओं ने वोटर सर्विस पोर्टल और ईसीआईनेट एप के माध्यम से अपने प्रपत्र ऑनलाइन जमा किए हैं। इससे डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रति लोगों की भागीदारी में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दिखाई दे रही है।
समीक्षा के दौरान क्षेत्रीय स्तर से जुड़ी कई समस्याओं पर भी चर्चा की गई। सीईओ ने स्पष्ट किया कि बीएलओ को गणना और सत्यापन के लिए घर-घर जाना अनिवार्य रूप से जारी रखना होगा। मतदाताओं को किसी सामान्य स्थान पर बुलाने की व्यवस्था को हतोत्साहित किया गया है, हालांकि इसे केवल अतिरिक्त सुविधा के रूप में सीमित रूप से अपनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए बीएलओ प्रत्येक रविवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान वे मतदाताओं और हितधारकों को आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।
सीईओ ने नागरिकों से वोटर सर्विस पोर्टल और ईसीआईनेट एप का उपयोग करने की अपील की। इन माध्यमों से ऑनलाइन पंजीकरण, सुधार और ईपीआईसी डाटा से मोबाइल नंबर जोड़ने जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। ईसीआईनेट एप के जरिए मतदाता संबंधित आवश्यक चुनावी जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं, जिससे प्रपत्र भरने में सटीकता बनी रहती है।
कार्यक्रम के दौरान उन बीएलओ की सराहना भी की गई, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरण का लक्ष्य पूरा किया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ में समजना सुब्बा, किरण छेत्री, मनीषा छेत्री, संजय छेत्री, चूड़ामणि कोइराला, पेमा कुंजांग शेरपा, शांति राम सापकोटा, रंजन प्रधान, इंद्र प्रसाद सन्यासी और लक्ष्मी कांता शर्मा शामिल हैं।
वहीं, जिला स्तर की रिपोर्ट के अनुसार, सिक्किम के सभी जिलों में एसआईआर का कार्य लगातार आगे बढ़ रहा है। राज्य में कुल 623 बीएलओ कार्यरत हैं। कुल मतदाताओं की संख्या 4,71,018 है, जिनमें से 2,62,555 को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। अब तक 3,804 प्रपत्र डिजिटाइज किए गए हैं और 335 प्रपत्र ऑनलाइन जमा हुए हैं।
गंगटोक सहित राज्य के अन्य जिलों में क्षेत्रीय गतिविधियां व्यवस्थित रूप से जारी हैं। बीएलओ भौतिक गणना के साथ-साथ डिजिटल अपडेटिंग कार्य में भी सक्रिय रूप से लगे हुए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एसआईआर 2026 को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए सटीकता, समन्वय और सतत क्षेत्रीय प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।
No Comments: