गंगटोक : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा (Ajay Tamta) ने शुक्रवार को गंगटोक में आयोजित एक समीक्षा बैठक में सिक्किम में चल रही सड़क अवसंरचना परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठक का आयोजन सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) के क्षेत्रीय कार्यालय, गंगटोक द्वारा किया गया था।
बैठक में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ), एनएचआईडीसीएल, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) तथा राज्य लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा संचालित विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
अजय टम्टा ने क्षेत्र में प्रस्तावित विभिन्न सड़क संपर्क परियोजनाओं और अब तक हुई प्रगति पर चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार सिक्किम में सड़क संपर्क को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य के भविष्य के सड़क विकास रोडमैप पर भी विचार-विमर्श किया।
उन्होंने कहा कि राज्य को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से निर्बाध रूप से जोड़ने तथा सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में विभिन्न प्रमुख सड़क परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र क्रियान्वयन के उपायों पर भी चर्चा की गई।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से आवागमन सुगम होगा और राज्य के सामाजिक तथा आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। बैठक में सिक्किम सरकार के सड़क एवं पुल विभाग के मंत्री एनबी दहाल, लोक निर्माण विभाग के सचिव एबी सुब्बा, एनएचआईडीसीएल गंगटोक क्षेत्रीय कार्यालय के कार्यकारी निदेशक (परियोजना) अशोक कुमार साहा, केंद्रीय राज्यमंत्री के निजी सचिव निखिल सारस्वत, बीआरओ के प्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
No Comments: