शिक्षा और स्वच्छता क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी : प्रभा प्रधान

रेनॉक पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विशेष चेंजिंग रूम का निर्माण

पाकिम : समावेशी शिक्षा और मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सुलभ सैनिटेशन क्लब ने एलकेम फाउंडेशन के सहयोग से आगाज़ 3.0 परियोजना के तहत पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रेनॉक के छात्राओं के शौचालय का नवीनीकरण कर उसे विशेष गर्ल्स चेंजिंग रूम में परिवर्तित किया।

कार्यक्रम में पाकिम जिला उपाध्यक्ष प्रभा प्रधान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर रंगेली के एसडीएम सुरेन प्रधान, विद्यालय प्रशासन, छात्र-छात्राएं तथा सुलभ इंटरनेशनल और एलकेम फाउंडेशन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस पहल का उद्देश्य किशोरियों के लिए विद्यालयों में बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

आयोजकों ने कहा कि सुरक्षित, स्वच्छ और लैंगिक संवेदनशील स्वच्छता व्यवस्था छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मासिक धर्म के दौरान पढ़ाई छोड़ने की समस्या को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मुख्य अतिथि प्रभा प्रधान ने शिक्षा में लैंगिक समानता सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षित स्वच्छता व्यवस्था को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वच्छता क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय तथा टिकाऊ एवं लैंगिक संवेदनशील जल, स्वच्छता और स्वच्छ व्यवहार सुविधाओं के माध्यम से सिक्किम सतत विकास लक्ष्य-6 की प्राप्ति के और करीब पहुंच सकता है।

सुलभ इंटरनेशनल की समीक्षा दास महापात्र ने सिक्किम के विद्यालयों में बेहतर सुविधाओं के सकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छात्राओं के बीच मेंस्ट्रुअल कप का वितरण मासिक धर्म स्वच्छता को टिकाऊ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वच्छता सुविधाओं से राज्य की छात्राओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।

रंगेली के एसडीएम सुरेन प्रधान ने विद्यालयों में छात्राओं के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नए चेंजिंग रूम के निर्माण से छात्राएं अधिक आत्मविश्वास महसूस करेंगी और मासिक धर्म के दौरान भी बिना किसी झिझक के विद्यालय में रहकर पढ़ाई में सक्रिय रूप से भाग ले सकेंगी। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रेनॉक के प्रधानाचार्य पॉल लेप्चा ने विद्यालय में हेल्थ एंड वेलनेस हब स्थापित करने के लिए सुलभ सैनिटेशन क्लब का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी।

वहीं एलकेम फाउंडेशन के समीर कुमार ने सीएसआर के तहत सिक्किम के विद्यालयों में स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संस्था की प्रतिबद्धता दोहराई। इस कार्यक्रम के साथ अंतरराष्ट्रीय मासिक धर्म स्वच्छता दिवस भी मनाया गया। सुलभ और एलकेम फाउंडेशन ने यह संकल्प दोहराया कि वे ऐसे विद्यालयी वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करेंगे, जहां प्रत्येक छात्रा स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त महसूस कर सके तथा गरिमा के साथ अपनी शिक्षा जारी रख सके।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics