‘एक व्यक्ति, एक वोट’ सिद्धांत को मजबूत करेगा SIR अभियान

गंगटोक : भारतीय निर्वाचन आयोग के उपनिदेशक (मीडिया अनुभाग) Apurva Kumar Singh ने बुधवार को गंगटोक के बलुवाखानी स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में सिक्किम की स्थानीय मीडिया के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर एक बैठक की।

बैठक में, चुनावी भागीदारी और जागरुकता बढ़ाने में मीडिया की भूमिका की ओर ध्यान दिलाते हुए सिंह ने मतदाता सूची को अधिक सटीक, समावेशी और त्रुटि रहित बनाने के लिए एसआईआर को महत्वपूर्ण बताया। इसका उद्देश्य 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना, साथ ही मृत, दोहराए गए और अपात्र नामों को हटाना है।

Apurva Kumar Singh ने कहा कि सिक्किम जैसे पर्वतीय राज्य में मीडिया की भूमिका बेहद अहम है, क्योंकि कई गांव दूरस्थ और कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में स्थित हैं। ऐसे में समाचार पत्र, टेलीविजन, रेडियो, डिजिटल मंच और स्थानीय संचार माध्यम निर्वाचन आयोग और आम जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। उन्होंने क्षेत्रीय भाषाओं में प्रभावी संचार पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय भाषा में जानकारी पहुंचने से मतदाताओं में बेहतर समझ और चुनावी प्रक्रिया में अधिक भागीदारी सुनिश्चित होती है।

उपनिदेशक ने बताया कि इस अभियान के तहत पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं, प्रवासियों और अब तक छूटे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही “एक व्यक्ति, एक वोट” के सिद्धांत को मजबूत करते हुए चुनाव प्रक्रिया में जनता का भरोसा बढ़ाना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि बदलती जनसंख्या, प्रवास और 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं को ध्यान में रखते हुए यह पुनरीक्षण जरूरी है, ताकि आगामी चुनावों से पहले मतदाता सूची वास्तविक स्थिति को दर्शा सके और मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो।

बैठक में निर्वाचन विभाग की विशेष सचिव ताशी चोडेन भूटिया, संयुक्त सचिव सोनम चोकी योंजन और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics