छिरिंग वांग्चुक लेप्चा ने फेयर वेदर रोड का किया निरीक्षण

गंगटोक : रानीपुल वार्ड के लोगों के अनुरोध के बाद मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले के निर्देश पर मुख्यमंत्री के अतिरिक्त राजनीतिक सचिव Tshering Wangchuk Lepcha ने आज अंधेरी ब्रिज से लोअर सामदुर के रूचल गांव 4 माइल तक के लगभग 1.67 किलोमीटर लंबे फेयर वेदर रोड का निरीक्षण किया। यह सडक़ ऑरेंज विलेज रिसॉर्ट के ऊपर से होकर गुजरती है।

एपीएस कार्यालय की ओर से बताया गया है कि मुख्यमंत्री ने राज्य में सडक़ संपर्क और जनहित को प्राथमिकता देते हुए 2024 चुनाव के बाद बिजली, पानी और सडक़ “बिपासा” को सरकार के प्रमुख विकास एजेंडे में शामिल किया है। निरीक्षण में पाया गया कि ऑल वेदर रोड निर्माण का पहला चरण, जो फरवरी 2024 में शुरू होकर फरवरी 2026 में पूरा हुआ था, वर्तमान स्थिति और कार्य की गुणवत्ता के लिहाज से संतोषजनक नहीं है। इस दौरान अधिकारियों के साथ बातचीत में सडक़ की मौजूदा स्थिति और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार, इस परियोजना के दूसरे चरण के तहत एनएच-10 अंधेरी ब्रिज से सामदुर गांव होते हुए रानीपूल पीएमजीएसवाई रोड तक लिंक रोड के चौड़ीकरण और उन्नयन को मुख्यमंत्री ने 30 जनवरी 2026 को मंजूरी दी थी। इसके बाद संबंधित विभाग ने 10 फरवरी 2026 को योग्य क्लास-2 बी ठेकेदारों से निविदा आमंत्रित की थी। हालांकि, सड़क एवं पुल विभाग में कुछ तकनीकी और विभागीय कारणों से निविदा प्रक्रिया अस्थायी रूप से रोक दी गई थी।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि समस्याओं के समाधान के बाद निविदा प्रक्रिया जल्द फिर से शुरू होने की उम्मीद है। वहीं, इस प्रस्तावित सडक़ परियोजना से क्षेत्र के लगभग 2500 लोगों को लाभ मिलेगा। यह सड़क रानीपुल से अपर सामदुर और 6 माइल तक वैकल्पिक संपर्क मार्ग के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात, आवागमन और जनसुविधाओं में सुधार होगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics