महुआ के ट्रैफिक जाम पर मंत्री लखेंद्र पासवान सख्त, कहा- जल्द होगा समाधान

हाजीपुर । वैशाली जिले के पातेपुर से विधायक और बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान का महुआ में लगने वाले जाम को लेकर दर्द मंच से ही सामने आ गया। महुआ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान संबोधन करते हुए उन्होंने कहा कि जब भी वे पातेपुर जाते हैं, उन्हें महुआ बाजार में लगातार जाम का सामना करना पड़ता है, जिससे आमजन के साथ-साथ उन्हें भी परेशानी होती है।

मंत्री ने कहा कि इस समस्या को लेकर वे जल्द ही महुआ के एसडीएम और डीएसपी के साथ बैठक करेंगे और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि महुआ बाजार में सड़क की चौड़ाई कम होने, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के कारण हर दिन गंभीर जाम की स्थिति बनती है।

महुआ बाजार, जो समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर जाने का प्रमुख मार्ग है, वहां दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की भारी आवाजाही रहती है, जिससे जाम की समस्या और बढ़ जाती है। सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकानें लगाने और अवैध पार्किंग को भी इसकी बड़ी वजह बताया गया है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने पासवान समाज की ऐतिहासिक भूमिका पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि पासवान समाज परंपरागत रूप से मार्शल समुदाय रहा है और स्वतंत्रता संग्राम में भी इसकी अहम भूमिका रही है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को शिक्षा दें और शिक्षा के प्रति जागरूक रहें।

 

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics