सुशील मोदी की पुण्यतिथि पर जुटे बीजेपी नेता

बिहार के विकास और सुशासन में उनका योगदान अविस्मरणीय : सम्राट चौधरी

पटना । भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की आज दूसरी पूण्यतिथि है। इस अवसर पर पटना के सुशील मोदी पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत बिहार सरकार के लगभग सभी मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सम्मिलित होकर उनकी समृतियों को नमन किया। बिहार के विकास एवं सुशासन में उनके अमूल्य योगदान को सदैव याद रखा जाएगा, आदर्श और विचार हम सभी को समाजसेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी की द्वितीय पुण्यतिथि पर कुम्हरार स्थित सुशील मोदी स्मृति पार्क में उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि सुशील कुमार मोदी का सम्पूर्ण जीवन जनसेवा, सादगी, ईमानदार राजनीति एवं बिहार के विकास के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने अपने दीर्घ राजनीतिक जीवन में राज्य के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2005 से 2013 तक उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने बिहार की राजकोषीय स्थिति को संकट से उबारकर अनुशासित वित्तीय सुशासन की सुदृढ़ नींव रखी। लोकसभा, राज्यसभा, विधान सभा एवं विधान परिषद चारों सदनों के सदस्य रहने का दुर्लभ गौरव प्राप्त कर उन्होंने बिहार की संसदीय परम्परा को समृद्ध किया। पद्मभूषण से अलंकृत सुशील कुमार मोदी का जीवन इस तथ्य का प्रमाण है कि सत्यनिष्ठा एवं जनकल्याण की भावना के साथ भी सर्वोच्च सेवा की जा सकती है। उनकी कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता तथा संगठन के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणादायक रहेगा। उनका व्यक्तित्व,कृतित्व और नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि दिवंगत सुशील कुमार मोदी ने बिहार की राजनीति में समरसता और विकास का जो मार्ग प्रशस्त किया, वह आज भी लोगों के लिए प्रेरणा बना हुआ है। उन्होंने न केवल संगठन को मजबूती दी, बल्कि राज्य के आर्थिक विकास को गति देने के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी जी का व्यक्तित्व ऐसा था जिसमें सबको साथ लेकर चलने की अद्भुत क्षमता थी। उन्होंने बिहार के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए लगातार काम किया और राज्य को एक नई पहचान दी।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics