रंगपो : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल रंगपो में इंडोर क्रिकेट अकादमी का गंगटोक से वर्चुअली उद्घाटन करेंगे। इससे पहले, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) चेयरमैन जय शाह ने आज इसका आखिरी निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि रंगपो की यह सुविधा पूर्वोत्तर में एक साथ शुरू की जा रही ऐसी छह अकादमियों में से एक है, जिसमें अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम और नागालैंड के केंद्र भी शामिल हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा विकसित यह सुविधा पूर्वोत्तर में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की एक बड़ी पहल का हिस्सा है।
यह अकादमी सिक्किम क्रिकेट ग्राउंड परिसर के भीतर स्थापित की गई है और इसमें इंडोर नेट्स, सुसज्जित जिम और स्विमिंग पूल जैसी आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के साथ खिलाडिय़ों के विकास को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सहायक बुनियादी ढांचा शामिल है।
आज निरीक्षण के दौरान जय शाह के साथ बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, बीसीसीआई के मानद संयुक्त सचिव प्रभतेज सिंह भाटिया, सिक्किम क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष टीका सुब्बा के अलावा एसोसिएशन सदस्य, अंतरिम सीईओ और बीसीसीआई के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि 2024 में शुरू की गई इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में साल भर प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान करना है, क्योंकि यहां लंबे समय तक चलने वाले मानसून से बाहर अभ्यास करने के सीमित अवसर होते हैं।
No Comments: