गंगटोक, 27 अप्रैल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम सिक्किम पहुंचने के तुरंत बाद राजधानी गंगटोक में भव्य रोड शो किया। वह 28 अप्रैल को पालजोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री का लिबिंग हेलीपैड पर आगमन होते ही राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने खुले वाहन में गंजू लामा द्वार से लोक भवन तक रोड शो किया, जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे। उनके साथ वाहन में मुख्यमंत्री तमांग और राज्य भाजपा अध्यक्ष डीआर थापा मौजूद रहे।
रोड शो के दौरान गंगटोक की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों लोग घंटों पहले से सड़कों के किनारे कतारबद्ध होकर खड़े रहे और हाथों में तिरंगा लहराते हुए ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए। कई स्थानों पर महिलाओं द्वारा फूलों की वर्षा की गई, वहीं पारंपरिक वाद्य यंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। लाल बाजार, हॉस्पिटल डांड़ा, जीरो पॉइंट और ताशी नामग्याल अकादमी जैसे प्रमुख पड़ावों पर विभिन्न समुदायों ने पारंपरिक नृत्य और लोकगीतों के माध्यम से प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री ने भी पूरे मार्ग में हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री तमांग को भी कई स्थानों पर लोगों का उत्साह बढ़ाते हुए देखा गया। रोड शो मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए और प्रधानमंत्री के बड़े कटआउट लगाए गए थे।
मंगलवार को प्रधानमंत्री गंगटोक स्थित ऑर्किडेरियम का दौरा करेंगे, जिसे ‘स्वर्णजयंती मैत्री मंजरी’ पार्क के रूप में विकसित किया गया है। यह केंद्र सिक्किम की समृद्ध जैव विविधता, दुर्लभ ऑर्किड प्रजातियों और पुष्प विरासत को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
इसके बाद प्रधानमंत्री पालजोर स्टेडियम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे 4000 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं में बुनियादी ढांचा, सड़क और पुल निर्माण, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा संस्थान, ऊर्जा आपूर्ति, शहरी विकास, पर्यटन और कृषि जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में यांगगांग में 100 बिस्तरों वाले आयुर्वेद अस्पताल की आधारशिला रखी जाएगी, जबकि एनआईटी देवराली में 30 बिस्तरों वाले एकीकृत सोवा-रिग्पा अस्पताल का उद्घाटन होगा। शिक्षा के क्षेत्र में सिक्किम विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस उत्कृष्टता विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन, हेलेन लेप्चा मेडिकल कॉलेज और देंताम प्रोफेशनल कॉलेज सहित कई संस्थानों का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल, डिग्री कॉलेज और आईटी-सक्षम शैक्षणिक ढांचे का भी शुभारंभ होगा।
कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए तीस्ता नदी पर सिरवानी और लोअर सामदोंग में दो डबल-लेन स्टील आर्च पुलों की आधारशिला रखी जाएगी, जबकि बर्धांग-नामची-किचुडुमरा सड़क परियोजना का उद्घाटन किया जाएगा। ऊर्जा क्षेत्र में गंगटोक के ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के आधुनिकीकरण परियोजना का लोकार्पण होगा।
शहरी विकास के तहत जन सेवा सचिवालय, सिविल सर्विस ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट, शहरी गरीबों के लिए आवास और पुलिस कर्मियों के लिए आवासीय सुविधाओं का उद्घाटन किया जाएगा। पर्यटन क्षेत्र में रिज प्रीसिंक्ट पुनर्विकास, ईको-टूरिज्म परियोजनाएं और कैलाश मानसरोवर यात्रा से जुड़ी सुविधाओं का लोकार्पण होगा, जबकि सिलनोन में ईको-पिलग्रिमेज कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखी जाएगी।
कृषि क्षेत्र में इफको प्रोसेसिंग प्लांट का उद्घाटन किसानों की आय बढ़ाने और कृषि प्रसंस्करण को प्रोत्साहन देगा। इसके अलावा पाकयोंग जिले में खेल सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। प्रधानमंत्री इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करेंगे। उल्लेखनीय है कि वह पिछले वर्ष प्रतिकूल मौसम के कारण उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं हो सके थे और तब उन्होंने पड़ोसी पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया था। इस बार उनके दौरे को लेकर पूरे राज्य में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
No Comments: