खड़गे के बयान से सियासत गरम, चुनाव आयोग ने थमाया नोटिस

नई दिल्ली । चुनावी सरगर्मियों के बीच जारी सियासी जुबानी जंग को लेकर चुनाव आयोग सख्त हुआ है। चुनाव आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए विवादित ‘आतंकवादी’ बयान को लेकर नोटिस जारी किया है। आयोग ने इसे चुनावी आचार संहिता का संभावित उल्लंघन मानते हुए 24 घंटे के भीतर जवाब तलब किया है।

यह कार्रवाई तब हुई जब केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, किरण रिजिजू और अर्जुन राम मेघवाल समेत बीजेपी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से मुलाकात कर खड़गे के बयान को लेकर कड़ी शिकायत दर्ज कराई और सख्त कदम उठाने की मांग की। दरअसल खड़गे ने तमिलनाडु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एआईएडीएमके-बीजेपी गठबंधन पर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री मोदी को ‘आतंकवादी’ कह दिया था। उनके इस बयान ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी और इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।

विवाद बढ़ने पर खड़गे ने सफाई देते हुए कहा कि उनका इशारा ‘टैक्स टेररिज्म’ की ओर था, जहां एजेंसियों के जरिए विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य प्रधानमंत्री को व्यक्तिगत रूप से आतंकवादी कहना नहीं था, बल्कि राजनीतिक माहौल पर टिप्पणी करना था।

इस बयान पर बीजेपी ने जोरदार हमला बोला है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने वाले प्रधानमंत्री को इस तरह संबोधित करना दुर्भाग्यपूर्ण है। बीजेपी नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए चुनाव आयोग से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics