राज्यपाल ने चुरू में पद्मभूषण लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण

गंगटोक : आज राजस्थान के चूरू जिला के लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह स्टेडियम में भारतीय सेना के अधिकारी पद्मभूषण लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह की प्रतिमा का अनावरण समारोह संपन्न हुआ। इस  कार्यक्रम में सिक्किम के राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और प्रतिमा का अनावरण कर वीर सेनानी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने 1967 के नाथुला युद्ध में लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह के निर्णायक और अद्वितीय नेतृत्व को याद किया। राज्यपाल ने एक महत्वपूर्ण घोषणा साझा करते हुए कहा कि सिक्किम आगमन के उपरांत उन्होंने नाथुला के गौरवशाली इतिहास को करीब से देखा और जनरल सगत सिंह के योगदान को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए  ‘नाथुला दिवस’ को ‘नाथुला विजय दिवस’ के रूप में मनाने की पहल की ।ध्यातव्य हो कि नाथुला में जनरल सगत सिंह जी की  प्रतिमा  स्थापित की गई है जिसका अनावरण माननीय राज्यपाल द्वारा किया गया है।

राज्यपाल ने कहा कि  यह कदम आने वाली पीढ़ियों को जनरल सगत सिंह के पराक्रम और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण की याद दिलाता रहेगा। राज्यपाल ने जोर देकर कहा कि चूरू की धरती पर जनरल सगत सिंह की प्रतिमा का अनावरण केवल एक स्मारक की स्थापना नहीं है, बल्कि यह राजस्थान के अदम्य साहस और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने इस प्रतिमा को सिक्किम और राजस्थान के बीच एक ‘ऐतिहासिक सेतु’ बताया है।

राज्यपाल ने कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह का जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि राष्ट्र की सेवा ही सर्वोपरि कर्तव्य है। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा, लोकसभा के अध्यक्ष श्री ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री श्री भगीरथ चौधरी स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष वरिष्ठ नेता श्री राजेंद्र राठौड़ भी उपस्थित रहे जिनके प्रयास से यह मूर्ति अनावरण कार्यक्रम संपन्न हुआ।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics