प्रधानमंत्री की यात्रा की तैयारियों की यूगन तमांग ने की समीक्षा

गंगटोक : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी 27-28 अप्रैल को निर्धारित सिक्किम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा हेतु मुख्यमंत्री के प्रेस सचिव यूगन तमांग ने आज सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का दौरा किया। तमांग ने मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव (प्रेस व प्रचार) विकास बस्‍नेत और मुख्यमंत्री की मीडिया समन्वयक दिचेन ओंगमू भूटिया के परामर्श से यह दौरा किया।

इस दौरान, प्रेस सचिव ने गंगटोक के जिला सूचना अधिकारी दीपेंद्र शर्मा के साथ चर्चा की जिसमें मीडिया की मजबूत पहुंच और प्रधानमंत्री की यात्रा की समन्वित कवरेज सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने जानकारी का व्यापक प्रसार सुनिश्चित करने के लिए मान्यता प्राप्त पत्रकारों, डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म, राष्ट्रीय मीडिया हाउसों और सरकारी मीडिया एजेंसियों के साथ जुड़ाव को आवश्यक बताया। ऐसे में, प्रेस सचिव ने आईपीआर विभाग को राज्य के मीडिया कर्मियों, राष्ट्रीय मीडिया प्रतिनिधियों और सरकारी मीडिया एजेंसियों के अधिकारियों के साथ जल्द से जल्द एक बैठक आयोजित करने की सलाह दी।

वहीं, प्रेस सचिव ने गंगटोक स्थित पीआईबी कार्यालय का भी दौरा किया, जहां उन्होंने सहायक पीआईबी निदेशक और आकाशवाणी की समाचार इकाई के प्रमुख मानस प्रतीम शर्मा से मुलाकात की। यहां उन्होंने राष्ट्रीय मीडिया को शामिल करने की सुविधा प्रदान करने और पूरे देश में इस कार्यक्रम की कवरेज का विस्तार करने के लिए समन्वय तंत्र की समीक्षा की। वहीं, पीएम की इस यात्रा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रेस सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व में सिक्किम सरकार प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियां कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि समन्वित मीडिया कवरेज इस अवसर को पूरे देश के दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics