गंगटोक : सिक्किम राज्य विद्युत नियामक आयोग (एसएसईआरसी) में सदस्य (कानून) के रूप में टेम्पो ग्याछो भूटिया (Tempo Gyatso Bhutia) ने बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
शपथ ग्रहण समारोह राज्य के मुख्य सचिव कार्यालय में आयोजित किया गया, जहां मुख्य सचिव आर तेलंग ने उन्हें संविधान के प्रति निष्ठा और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर एसएसईआरसी के सचिव, गृह, ऊर्जा एवं विधि विभाग के सचिव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह नियुक्ति विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 89 के प्रावधानों के तहत की गई है, जिसे राज्य के विद्युत क्षेत्र के नियामक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
एसएसईआरसी राज्य में बिजली क्षेत्र में पारदर्शिता, दक्षता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के साथ-साथ उपभोक्ताओं और अन्य हितधारकों के हितों की रक्षा में अहम भूमिका निभाता है।
समारोह में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने नव नियुक्त सदस्य को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और विशेषज्ञता से आयोग के कार्यों को और मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
No Comments: