गंगटोक : केंद्रीय शिक्षा एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्यमंत्री डॉ सुकांत मजूमदार ने सिक्किम के अपने दो दिवसीय आधिकारिक दौरे के तहत सोमवार को हेलेन लेप्चा सिक्किम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर भवन एवं आवास विभाग के पीसीई-सह-सचिव चंद्र विजय बस्नेत, पीसीई वाईएन गौतम, सिक्किम सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों तथा मेडिकल कॉलेज के संकाय सदस्यों ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।
इस दौरान, कॉलेज के डीन डॉ बिक्रम खरगा ने डॉ मजूमदार को संस्थान की विभिन्न सुविधाओं, अकादमिक भवन, छात्रावास और अन्य आधारभूत संरचनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के विद्यार्थियों से भी संवाद किया और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली। हेलेन लेप्चा सिक्किम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज राज्य का पहला सरकारी मेडिकल कॉलेज है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 अप्रैल 2026 को इसका वर्चुअल उद्घाटन किया था। कॉलेज की स्थापना को सिक्किम में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। मेडिकल कॉलेज परिसर में आधुनिक अकादमिक भवन के साथ आवासीय सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए बास्केटबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, जिम और इनडोर बैडमिंटन कोर्ट जैसी खेल एवं मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इस मेडिकल कॉलेज का नाम स्वतंत्रता सेनानी हेलेन लेप्चा के नाम पर रखा गया है। वर्ष 1902 में जन्मी हेलेन लेप्चा ने असहयोग आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी। स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें वर्ष 1972 में ताम्रपत्र से सम्मानित किया था। डॉ सुकांत मजूमदार का यह दौरा सिक्किम में प्रधानमंत्री पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास पहल (पीएम-डिवाइन) के तहत चल रही परियोजनाओं तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय, पूर्वोत्तर परिषद और राज्य सरकार द्वारा समर्थित विभिन्न विकास योजनाओं के निरीक्षण कार्यक्रम का हिस्सा था।
No Comments: