स्टेट ओपन बास्केटबॉल चैंपियनशिप का शानदार समापन

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने फाइनलिस्ट पांच सिक्किमी टीमों के लिए 5-5 लाख रुपये प्रोत्साहन की घोषणा की

गंगटोक : पालजोर स्टेडियम में पांच दिवसीय सिक्किम स्टेट ओपन बास्केटबॉल चैंपियनशिप का सोमवार को समापन हुआ। बास्केटबॉल एसोसिएशन ऑफ सिक्किम की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने वाली सिक्किम की पांच टीमों के लिए 5-5 लाख रुपये के नकद प्रोत्साहन की घोषणा की।

प्रतियोगिता के महिला वर्ग में मेघालय बास्केटबॉल एसोसिएशन ने 70-55 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। गंगटोक की हॉक्स टीम उपविजेता रही। बालिका वर्ग में एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल ने 77-18 से पालजोर नामग्याल गर्ल्स स्कूल को हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। बालक वर्ग के फाइनल में सगरमाथा बास्केटबॉल अकादमी ने 76-65 से नेपाल की आईएसए बास्केटबॉल टीम को पराजित किया। वहीं पुरुष वर्ग में गंगटोक की रेवेन्स ने नामची की येटीज को 64-44 से हराकर खिताब जीता।

प्रतियोगिता के सबसे मूल्यवान खिलाड़ी (एमवीपी) के पुरस्कार भी प्रदान किए गए। महिला वर्ग में मेघालय बास्केटबॉल एसोसिएशन की अशिम शिपे, बालिका वर्ग में एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल की एडेनला भूटिया, बालक वर्ग में सगरमाथा बास्केटबॉल अकादमी के पेमा तेनजिंग शेरपा और पुरुष वर्ग में रेवेन्स, गंगटोक के अरविंदर सिंह को एमवीपी चुना गया।

समारोह की शुरुआत में बास्केटबॉल एसोसिएशन ऑफ सिक्किम की कार्यकारिणी समिति ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग को बास्केटबॉल जर्सी भेंट की। मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता की आधिकारिक बास्केटबॉल पर हस्ताक्षर भी किए। प्रतियोगिता के दौरान तीन-पॉइंट प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में सिमफेड के अध्यक्ष तेनजिंग दोरजी भूटिया ने स्वागत भाषण दिया। समापन समारोह में खेल एवं युवा मामलों तथा विधि एवं संसदीय कार्य मंत्री राजू बस्नेत, विधायक-सह-सलाहकार दिल्ले नामग्याल बारफुंग्पा, विधायक-सह-सलाहकार पामिन लेप्चा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव जैकब खालिंग, खेल एवं युवा मामलों के सलाहकार विकास प्रधान, खेल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रिनजिंग वांग्याल चोपेल, सिक्किम श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम गुरुंग सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा खेल एवं युवा मामलों की सचिव यांगचेन तमांग, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की सचिव होंडाला ग्याल्त्सेन, सामाजिक कल्याण विभाग की सचिव सारिका प्रधान, गंगटोक नगर निगम के नगर आयुक्त गैरी चोपेल, राज्य के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी, खिलाड़ी और अन्य हितधारक भी समारोह में उपस्थित रहे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics