नशामुक्त सिक्किम का संदेश लेकर खत्म हुई पहली पाकिम ग्रैंड मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप

पाकिम : खेल, फिटनेस और नशामुक्त समाज का संदेश देते हुए ‘नशामुक्त भारत और नशामुक्त सिक्किम’ अभियान के तहत 12 से 14 सितंबर तक आयोजित प्रथम पाकिम ग्रैंड मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का आज स्थानीय मल्टीपर्पज कम्युनिटी हॉल में समापन हो गया। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ पाकिम और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में राज्यभर से बड़ी संख्या में खिलाडिय़ों और खेल प्रेमियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। चैंपियनशिप का उद्घाटन 12 सितंबर को राज्य के सड़क एवं पुल विभाग के मंत्री एन.बी. दहल ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री पिंछो नामग्याल लेप्चा और विधायक सह डीएसीएस चेयरमैन सतीश चंद्र राई भी मौजूद रहे। सतीश चंद्र राई ने 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की पुरुष युगल प्रतियोगिता में खिलाड़ी के रूप में भी हिस्सा लिया।

13 सितंबर को प्रतियोगिता के दूसरे दिन कृषि, बागवानी एवं पशुपालन मंत्री पूरन कुमार गुरूंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबलों का आनंद लिया तथा खिलाडि़यों की खेल भावना और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विजेता खिलाडि़यों के लिए नकद पुरस्कार भी प्रायोजित किए।

प्रतियोगिता में पूरे सिक्किम से कुल 229 खिलाडिय़ों ने भाग लिया। मुकाबले 35, 40, 45, 50, 55, 60 और 65 से अधिक आयु वर्गों में आयोजित किए गए। इनमें पुरुष युगल, महिला युगल तथा मिश्रित युगल की स्पर्धाएं शामिल थीं। वहीं, 14 सितंबर को आयोजित समापन समारोह एवं फाइनल मुकाबलों में शिक्षा, कानून तथा खेल एवं युवा मामलों के मंत्री राजू बसनेत मुख्य अतिथि रहे। पश्चिम पेंडम के विधायक एवं भूमि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन सलाहकार एल.बी. दास विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।

समापन अवसर पर राजू बस्‍नेत तथा एलबी दास और उनके साथियों के बीच विशेष प्रदर्शनी मैच भी खेला गया, जिसने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इस अवसर पर बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ पाकिम के अध्यक्ष कुशल गुरूंग ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले मंत्रियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों का भी धन्यवाद किया।

उन्होंने सांसद इंद्र हांग सुब्बा का एसोसिएशन को बैडमिंटन मैट उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही ग्नाथांग माचोंग की विधायक एवं समाज कल्याण विभाग की सलाहकार पामिन लेप्चा, पाकिम जिला पंचायत अध्यक्ष लादेनला भूटिया, पाकिम डीसी परी बिश्नोई, बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम के अध्यक्ष जैकब खालिंग तथा राज्य के विभिन्न बैडमिंटन क्लबों के सहयोग की भी सराहना की।

कुशल गुरुंग ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल खिलाडि़यों की प्रतिभा का प्रदर्शन करना नहीं था, बल्कि अनुभवी खिलाडिय़ों को एक मंच पर लाकर उन्हें प्रतिस्पर्धा और आपसी संवाद का अवसर देना तथा सिक्किम की युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करना भी था।

आयोजकों के अनुसार, इस चैंपियनशिप ने जहां वरिष्ठ खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, वहीं स्वस्थ जीवन, फिटनेस और नशामुक्त सिक्किम के संदेश को भी मजबूती से आगे बढ़ाया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics