अंतर जिला क्रॉस कंट्री दौड़ में सोरेंग और मंगन के खिलाड़ियों का दबदबा

गंगटोक : राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को सिक्किम सरकार के खेल एवं युवा कार्य विभाग की ओर से अंतर जिला क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह दिवस सरदार वल्लभभाई पटेल के सम्मान तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता में उनके योगदान की स्मृति में मनाया जाता है।

प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग के अंडर-14 एवं अंडर-17 आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अंडर-14 वर्ग के प्रतिभागियों के लिए तीन किलोमीटर तथा अंडर-17 वर्ग के लिए पांच किलोमीटर की दौड़ निर्धारित थी। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कार्य विभाग की सचिव यांगचेन डी. तमांग, निदेशक राजीव रोका एवं डॉ. आर.बी. विश्वकर्मा सहित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में सोरेंग जिला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पाकिम दूसरे और मंगन तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-14 बालिका वर्ग में भी सोरेंग ने पहला स्थान हासिल किया। नामची दूसरे और पाकिम तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, अंडर-17 बालक वर्ग में मंगन जिला विजेता बना। सोरेंग ने दूसरा और नामची ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में गेजिंग जिला ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सोरेंग दूसरे और नामची तीसरे स्थान पर रहा।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खेल के माध्यम से युवाओं में एकता, अनुशासन, शारीरिक स्वस्थता और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने के साथ राष्ट्रीय एकीकरण की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics