गंगटोक : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर सिक्किम के विभिन्न जिलों के पुलिस थानों और सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। विभिन्न स्थानों पर परेड, राष्ट्रीय सलामी और राष्ट्रगान के माध्यम से सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया।
गंगटोक स्थित सदर पुलिस थाना परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर एकता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद परेड और राष्ट्रीय सलामी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज खतिवड़ा सहित थाने के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। वहीं, रानीपूल पुलिस थाने में गंगटोक पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम में चार प्लाटूनों ने औपचारिक परेड में हिस्सा लिया। इनमें इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरबी), विलेज गार्ड्स, सिक्किम पुलिस और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के विद्यार्थी शामिल थे। एनसीसी विद्यार्थियों की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। इसके बाद उपस्थित सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई गई। विभिन्न सुरक्षा इकाइयों और युवाओं की संयुक्त भागीदारी ने एकता, अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

पाकिम जिला पुलिस ने भी पाकिम पुलिस थाना परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई। इस अवसर पर राष्ट्रीय सलामी दी गई और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। बाद में पाकिम जिला पुलिस अधीक्षक छिरिंग शेरपा ने पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई।
पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए एसपी छिरिंग शेरपा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 31 अक्टूबर को मनाया जाने वाला राष्ट्रीय एकता दिवस सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान की याद दिलाता है। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद विभिन्न रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत की नींव रखने में पटेल की ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के लिए एकता और सामूहिक जिम्मेदारी का विशेष महत्व है।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से जाति, धर्म, भाषा और सामाजिक पृष्ठभूमि के भेदभाव से ऊपर उठकर साझा उद्देश्य के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के भीतर एकजुटता और जनसेवा के प्रति समर्पण शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए आवश्यक है। इस अवसर पर पाकिम एसडीपीओ विकास राई, पाकिम थाना प्रभारी प्रदीप छेत्री तथा जिला पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में गंगटोक जिले के कुपुप पुलिस थाने में भी राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। थाना परिसर में एकता की शपथ के बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रीय सलामी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रोशन तमांग सहित थाने के अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द बनाए रखने के संकल्प को दोहराया।
गंगटोक जिले के शेरेथांग पुलिस थाने में भी इस अवसर पर एकता की शपथ, परेड और राष्ट्रीय सलामी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी योगेंद्र गुरूंग सहित पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
उधर, सोरेंग जिले में भी राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विभिन्न सरकारी कार्यालयों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय एकता दिवस प्रत्येक वर्ष 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ों रियासतों के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है। यह दिवस देश की एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकीकरण के उनके आदर्शों को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है।
No Comments: