नामची : विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत देशभर के युवा प्रतिभागियों को जोड़ने वाला एक वर्चुअल संवाद कार्यक्रम शनिवार को नामची डीसी कार्यालय में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वर्चुअल माध्यम से संवाद किया। इस अवसर पर विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप राष्ट्र निर्माण तथा सीमावर्ती गांवों के विकास में युवाओं की भूमिका पर विशेष चर्चा हुई। विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम भारत सरकार के गृह मंत्रालय तथा माई भारत मंच की संयुक्त युवा-नेतृत्व वाली पहल है।
इस कार्यक्रम के तहत देश के युवाओं को दूरस्थ सीमावर्ती गांवों में रहकर स्वयंसेवी के रूप में कार्य करने का अवसर दिया जाता है, ताकि राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा जमीनी स्तर पर विकास को बढ़ावा मिल सके। कार्यक्रम के लिए प्रतिभागियों का चयन ऑनलाइन नेशनल क्विज के बाद शारीरिक दक्षता और पात्रता परीक्षण के आधार पर किया जाता है, जिससे देशभर से श्रेष्ठ प्रतिनिधियों का चयन सुनिश्चित हो सके। इस कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अधीन माई भारत केंद्र द्वारा किया गया।
वर्चुअल संवाद में माई भारत केंद्र, नामची के लगभग 20 युवा स्वयंसेवियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने प्रधानमंत्री से संवाद किया। चर्चा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सशक्त बनाना, वाइब्रेंट विलेज के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप दूरस्थ एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में समावेशी विकास को बढ़ावा देना रहा। इस संवाद के माध्यम से प्रतिभागी युवाओं को राष्ट्रीय विकास से जुड़ी विभिन्न पहलों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। साथ ही उन्होंने सामुदायिक सेवा, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया। कार्यक्रम में माई भारत, नामची के मॉडल अधिकारी बीएस मलिक, शिक्षकगण तथा विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम से जुड़े युवा प्रतिभागी उपस्थित थे।
No Comments: