मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग जरूरी : ए.के. घतानी

गंगटोक । आयुष सलाहकार ए.के. घतानी ने आज गंगटोक स्थित पुराने एसटीएनएम अस्पताल परिसर में अपने कार्यालय कक्ष में आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की। 21 जून 2026 को मनाए जाने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विषय ‘वेलनेस, ज्ञान और विश्व शांति के लिए योग’ रखा गया है। यह विषय मानसिक स्वास्थ्य, समग्र कल्याण और सामूहिक प्रगति के लिए आंतरिक शांति के महत्व को रेखांकित करता है। समारोह के तहत राष्ट्रव्यापी ‘योगा 365’ पहल के अंतर्गत ‘100 डेज फ्री लाइव योगा सेशंस’ अभियान भी चलाया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान ए.के. घतानी ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और आयुष मंत्री जी.टी. ढुंगेल का संदेश दोहराते हुए लोगों से ऑनलाइन योग सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। उन्होंने जिला, जीपीयू और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों से भी राज्यभर में योग गतिविधियों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। आगे उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को 14 दिवसीय योग चैलेंज में भाग लेना चाहिए और बड़े पैमाने पर जनसहभागिता के माध्यम से विश्व रिकॉर्ड बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास करना चाहिए।

A.K. Ghatani ने जानकारी दी कि स्कूल और कॉलेज के छात्र विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर लाइव योग प्रदर्शन के माध्यम से कार्यक्रम में भाग लेंगे। योग के व्यापक लाभों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने सरकारी कर्मचारियों, स्वास्थ्य कर्मियों और पुलिस कर्मियों सहित सभी लोगों के दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने यह भी बताया कि कैंसर से उबर चुके लोगों, उनके देखभालकर्ताओं तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को भव्य स्तर पर मनाया जाएगा। उन्होंने लोगों से मानसिक तनाव और शारीरिक बीमारियों से बचाव के लिए योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

आयुष विभाग की सचिव सुचित्रा रसाइली ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि योग गतिविधियों में व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से विश्व रिकॉर्ड बनाने में सिक्किम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने राज्य में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों की भी जानकारी दी। उन्होंने लोगों से समारोह में सक्रिय भागीदारी करने और योग दिवस के बाद भी नियमित रूप से योग अभ्यास जारी रखने की अपील की।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics