जंगू में कचरा प्रबंधन के लिए शुरू हुई हाईटेक निगरानी प्रणाली

मंत्री पिंछो नामग्याल लेप्चा ने किया क्यूआर साइनेज का अनावरण

जंगू (Dzongu)। स्वच्छता की दिशा में एक मजबूत कदम उठाते हुए पासिंगडांग ब्लॉक प्रशासनिक केंद्र ने आज आधिकारिक तौर पर ‘स्कॅन, रिपोर्ट, प्रोर्टेक्ट-जंगू’ नामक एक रियल-टाइम कचरा निगरानी प्रणाली लॉन्च की है। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक सह मंत्री पिंछो नामग्याल लेप्चा ने सांगकलांग इंट्री गेट पर क्यूआर साइनेज का अनावरण किया।

पासिंगडांग बीडीओ कार्यालय की ओर से बताया गया है कि क्षेत्रीय विधायक सह मंत्री पिंछो नामग्याल लेप्चा (Pintso Namgyal Lepcha) के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरु की गई यह पहल क्षेत्र के कचरा प्रबंधन मॉडल में एक महत्वपूर्ण बदलाव का प्रतीक है, जो पारंपरिक संग्रह मॉडलों से हटकर एक गतिशील, समुदाय-संचालित व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। प्लास्टिक कचरा प्रबंधन इकाई के एक रणनीतिक विस्तार के रूप में डिजाइन की गई यह परियोजना, रियल-टाइम निगरानी को मजबूत करने के साथ ही स्थानीय जवाबदेही को बढ़ावा देती है और जंगू की स्वच्छता बनाए रखने में जनता की भागीदारी को सक्रिय करती है।

इसके तहत, रिपोर्टिंग प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के लिए मुख्य सडक़ों के किनारे, पर्यटन स्थलों और प्रमुख ग्राम पंचायत क्षेत्रों सहित महत्वपूर्ण स्थानों पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले और क्यूआर कोड-सक्षम साइनेज लगाए गए हैं। इसके माध्यम से लोग क्यूआर कोड स्कैन करके कुछ ही सेकंड में कचरा जमा होने की रिपोर्ट कर सकते हैं। इसके बाद, त्वरित कार्रवाई के लिए एक प्रोटोकॉल कचरा प्रबंधन टीमें और संबंधित जीपीयू द्वारा 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट की गई समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करता है और बीएसी की केंद्रीकृत निगरानी डैशबोर्ड हर शिकायत को शुरू से लेकर समाधान तक ट्रैक करता है। इससे एक पूर्ण जवाबदेही चक्र प्रणाली सुनिश्चित होती है।

इसके अलावा, जंगू को एक संरक्षित क्षेत्र के रूप में मान्यता देते हुए प्रशासन ने फिदांग (लोअर जंगू) और सांगकलांग (अपर जंगू) के मुख्य चौकियों पर सभी गैर-निवासियों और पर्यटकों के लिए अनिवार्य पंजीकरण को लागू किया है। वहीं, प्रवेश करने पर ही लोगों को जंगू के सख्त ‘कचरा-मुक्त प्रोटोकॉल’ के बारे में जानकारी दी जाती है। इसके अलावा, जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास में, आगंतुकों को सांस्कृतिक स्थलों, दर्शनीय स्थलों और पर्यावरण-पर्यटन दिशानिर्देशों के विवरण वाला एक ब्रोशर भी प्रदान किया जाएगा।

ब्लॉक प्रशासन ने सभी नागरिकों और आगंतुकों से अपील की है कि वे सामूहिक जिक्वमेदारी की भावना के साथ इस भूमि की पवित्र विरासत का सम्मान करें।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics