वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है योग दिवस : राज्यपाल

गंगटोक : सिक्किम सरकार के आयुष विभाग द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का आयोजन रविवार को स्वर्ण जयंती मैत्रेय मंजरी (गंगटोक) में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में योग साधकों, विद्यार्थियों, सरकारी अधिकारियों तथा आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर थे।

इस अवसर पर सिक्किम विधानसभा अध्यक्ष मिंगमा नरबू शेरपा, स्वास्थ्य, संस्कृति एवं आयुष मंत्री जीटी ढुंगेल सहित कई मंत्री, विधायक, सलाहकार, लोकसभा सांसद इंद्रहांग सुब्बा, मुख्य सचिव आर तेलंग, पुलिस महानिदेशक अक्षय सचदेव, गंगटोक नगर निगम के मेयर एवं डिप्टी मेयर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

अपने संबोधन में राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस वर्ष की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग जीवन के प्रत्येक चरण में योग के महत्व को रेखांकित करती है। उन्होंने कहा कि योग बच्चों में एकाग्रता बढ़ाता है, युवाओं को तनाव से मुक्ति दिलाता है और वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जीने में सहायता करता है। उन्होंने योग को भारत की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया योग को अपना रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अब वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। राज्यपाल ने हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन योग सत्र में चार लाख से अधिक लोगों की भागीदारी से बने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का उल्लेख करते हुए सिक्किमवासियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित राष्ट्र की आधारशिला होते हैं। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवाओं को योग, प्राणायाम और संतुलित जीवनशैली अपनानी चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण इसे योग, ध्यान और आध्यात्मिक पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनाने की क्षमता रखते हैं।

स्वास्थ्य, संस्कृति एवं आयुष मंत्री जीटी ढुंगेल ने कहा कि योग बेहतर जीवन गुणवत्ता और समग्र स्वास्थ्य का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय और मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के तत्वावधान में आयोजित 14 दिवसीय हाइब्रिड योग कार्यक्रम में सिक्किम से 1 लाख 55 हजार 623 लोगों ने पंजीकरण कराया। यह देश में दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। जनसंख्या के अनुपात में लगभग 26 प्रतिशत भागीदारी के साथ सिक्किम देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य बना। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के मार्गदर्शन तथा विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और नागरिकों के सहयोग को दिया। मंत्री ने बताया कि योग अभियान को 5 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है और लोगों से नियमित रूप से इसमें भाग लेने की अपील की।

आयुष विभाग की सचिव सुचित्रा रसाइली ने स्वागत भाषण में कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी हितधारकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने कार्यालयीन स्वास्थ्य एवं कैंसर रोगियों के लिए तैयार विशेष योग प्रोटोकॉल आधारित निर्देशित योग वीडियो का लोकार्पण किया। साथ ही ‘हर घर योग अभियान’ के अंतर्गत सर्वाधिक भागीदारी दर्ज करने वाले विद्यालयों को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। जूनियर हाई स्कूल श्रेणी में पाकिम जिले के सरकारी माध्यमिक विद्यालय, रिनॉक बाजार को 20 हजार रुपये, माध्यमिक विद्यालय श्रेणी में गंगटोक जिले के पीएम श्री सरकारी माध्यमिक विद्यालय, रालाप को 30 हजार रुपये तथा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय श्रेणी में पाकिम जिले के पीएम श्री सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रेनॉक को 50 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।

औपचारिक कार्यक्रम के बाद डॉ सुमिरन तमांग, डॉ कुंजांग येजिर भूटिया और डॉ यंगकेंट लेप्चा के मार्गदर्शन में सामूहिक योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय आयुष मिशन की प्रधान निदेशक सह मिशन निदेशक डॉ गणिता थापा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics