गंगटोक में मतदाता पुनरीक्षण अभियान तेज, 68 फीसदी से अधिक मतदाताओं तक पहुंचे गणना प्रपत्र

गंगटोक : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत गंगटोक जिले में मतदाता गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) वितरण अभियान तेजी से जारी है। बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर पहुंचकर अब तक 83,681 मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए हैं, जो जिले के कुल 1,22,240 मतदाताओं का 68.46 प्रतिशत है।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आईपीआर) द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, बीएलओ शहरी, ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में जाकर मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से दिव्यांगजन और घरों तक सीमित वरिष्ठ नागरिकों को इस प्रक्रिया में शामिल करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

तुमिन-लिंगी विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ ने हाल के भूस्खलन से प्रभावित और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले क्षेत्रों में भी पहुंचकर मतदाताओं को प्रपत्र वितरित किए। इससे यह सुनिश्चित हुआ कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले पात्र मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया से वंचित न रहें।

विधानसभा क्षेत्रवार प्रपत्र वितरण के आंकड़ों के अनुसार 16-तुमिन-लिंगी में 13,157, 17-खामदोंग-सिंगताम में 9,828, 23-श्यारी में 11,275, 24-मार्तम-रुम्‍तेक में 15,195, 25-अपर तादोंग में 7,784, 26-आरिथांग में 7,771, 27-गंगटोक में 7,030, 28-अपर बर्तुक में 9,410 तथा 32-संघ क्षेत्र में 2,231 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर प्रपत्रों के वितरण और संग्रहण का कार्य 28 जून 2026 तक जारी रहेगा। चुनाव आयोग का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र मतदाता को इस प्रक्रिया में शामिल कर मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics