गंगटोक : आज मनन केंद्र में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह के बाद भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने रिज पार्क स्थित स्वर्ण जयंती मैत्रेय मंजरी परिसर के ऑर्किडेरियम का दौरा किया।
यह अत्याधुनिक ऑर्किडेरियम सिक्किम की समृद्ध पुष्प जैव विविधता तथा सतत ईको-टूरिज्म और संरक्षण के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति को ऑर्किडेरियम का विस्तृत भ्रमण कराया गया, जिसमें इसकी विशेषताओं और ऑर्किड से जुड़े अनूठे अनुभवों की जानकारी दी गई। भ्रमण में ऑर्किड के विभिन्न उपयोगों तथा उनके सुरक्षित परिवहन और संरक्षण के पारंपरिक तरीकों को भी प्रदर्शित किया गया।

विशेष रूप से उपराष्ट्रपति ने ‘सिम्बिडियम नमो’ नामक ऑर्किड प्रजाति को देखा, जिसका नाम भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में रखा गया है। दौरे के अंत में उन्होंने आगंतुक पुस्तिका में हस्ताक्षर भी किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, श्रीमती कृष्णा कुमारी राई, मुख्य सचिव आर. तेलंग, शहरी विकास विभाग के आयुक्त-सह-सचिव जितेंद्र सिंह राजे, गंगटोक के जिला कलेक्टर अगवाने रोहन रमेश, एडीसी छिरिंग एन थिंग, जीएमसी नगर आयुक्त गैरी चोपेल, रिज पार्क प्रबंधन टीम के सदस्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
No Comments: