गेजिंग : गेजिंग जिले के योक्सम स्थित टूरिस्ट इंफॉर्मेशन सेंटर में आज हाई एल्टीट्यूड सिकनेस पर पंजीकृत गाइडों एवं ट्रेकिंग कुकों के लिए एकदिवसीय संवेदनशीलता सह उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम इंडियन हिमालयन सेंटर फॉर एडवेंचर एंड ईको-टूरिज्म (आईएचसीएई), चेमचे द्वारा सिक्किम इंस्पायर पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह तकनीकी सत्र के साथ हुई, जिसमें डॉ गिरीश भारद्वाज (डीसी/एमओ) ने उच्च हिमालयी वातावरण एवं उससे जुड़ी बीमारियों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उच्च ऊंचाई पर शरीर में होने वाले परिवर्तनों, एक्लिमेटाइजेशन के सिद्धांत, एएमएस, एचएपीई तथा एचएसीई के कारण, लक्षण एवं जोखिमों पर प्रकाश डाला।
दूसरे सत्र में बलम राम ठाकुर ने पहचान एवं फील्ड मैनेजमेंट प्रोटोकॉल, आपातकालीन प्रतिक्रिया तथा निकासी प्रक्रियाओं पर प्रशिक्षण दिया। इस दौरान लक्षणों की पहचान, त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र, मानक संचालन प्रक्रिया के आधार पर केस स्टडी, बचाव समन्वय एवं संचार प्रणाली पर विशेष जोर दिया गया। तीसरे सत्र में 72वीं बटालियन एसएसबी, योक्सम के एएसआई/पीएच गुरमंत सिंह और सीआई/एनओ ओम प्रकाश द्वारा प्रायोगिक प्रदर्शन एवं सिमुलेशन अभ्यास कराए गए। इसमें ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम का उपयोग, प्राथमिक उपचार, सीपीआर तकनीक, निकासी विधियां, गैमो बैग का प्रयोग तथा आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल शामिल थे।
कार्यक्रम में पश्चिम सिक्किम के कुल 52 पंजीकृत गाइडों एवं ट्रेकिंग कुकों ने भाग लिया और उच्च हिमालयी सुरक्षा तथा आपातकालीन तैयारियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वय पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग (टीसीएडी), सिक्किम सरकार के अंतर्गत आईएचसीएई द्वारा किया गया, जिसमें टीएसए सिक्किम टीम का भी सहयोग रहा।
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक सह प्रधानाचार्य काजी शेरपा, संयुक्त निदेशक टीएंडसीएडी मनोज छेत्री, सहायक निदेशक (एडवेंचर) पेम्पा डोमा भूटिया, पर्यटन विशेषज्ञ डॉ. रिंजिंग लामा तथा परियोजना सहयोगी पेमा भूटिया उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में तकनीकी एवं समन्वय सहयोग प्रदान किया। इस पहल का उद्देश्य सिक्किम के उच्च हिमालयी पर्यटन स्थलों में कार्यरत फ्रंटलाइन पर्यटन कर्मियों की क्षमता बढ़ाना, सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को बेहतर बनाना है।
No Comments: