जिलाधिकारी ने शिशु भवन के पास प्रभावित क्षेत्र का किया संयुक्त निरीक्षण

गंगटोक : अपर सिच्चे निवासी सामदुप नामग्याल बासी द्वारा भूमि अस्थिरता एवं क्षति की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद गंगटोक के डीसी अगवाने रोहन रमेश ने रविवार को अपर सिच्चे स्थित शिशु भवन के सामने प्रभावित क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर सिच्‍चे वार्ड के पार्षद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

इनमें जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, खान एवं भू-विज्ञान विभाग, शहरी विकास विभाग, जल सुरक्षा एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सीवरेज प्रभाग तथा जल संसाधन एवं नदी विकास विभाग के अधिकारी शामिल थे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि सामदुप नामग्याल बासी के आवास में कई स्थानों पर स्पष्ट दरारें दिखाई दे रही हैं, जो भूमि खिसकने एवं संरचनात्मक अस्थिरता का संकेत हैं। इसके अलावा तिब्बती स्कूल क्षेत्र के आसपास से भू-भाग खिसकने के संकेत भी पाए गए।

अधिकारियों ने यह भी देखा कि तिब्बती स्कूल के पीछे स्थित झोरा से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है, जिससे आसपास की भूमि कमजोर हो रही है और अस्थिरता बढ़ रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीसी अगवाने रोहन रमेश ने संबंधित विभागों को तत्काल अस्थायी सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए, ताकि आगे किसी प्रकार की क्षति को रोका जा सके। साथ ही समस्या के स्थायी समाधान के लिए व्यापक योजना तैयार करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान सुझाव दिया गया कि तिब्बती स्कूल के पीछे बह रहे झोरे को मुख्य जलधारा से जोड़ा जाए, जिससे पानी के लगातार रिसाव को रोका जा सके और भूमि कटाव एवं धंसाव के खतरे को कम किया जा सकेगा। जल सुरक्षा एवं संसाधन विकास विभाग को प्रस्तावित कार्य का विस्तृत अनुमान तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं खान एवं भू-विज्ञान विभाग को प्रभावित क्षेत्र की भूमि स्थिरता पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित क्षेत्र एवं स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना अथवा क्षति से बचा जा सके।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics