केंद्रीय निर्वाचन आयोग के उप निदेशक ने एसआईआर को लेकर सूचना अधिकारियों के साथ की वर्चुअल बैठक

गंगटोक : केंद्रीय निर्वाचन आयोग के उप निदेशक अपूर्व कुमार सिंह ने मंगलवार को सिक्किम के सभी छह जिलों के जिला सूचना अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक की। यह बैठक मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) से संबंधित मीडिया और संचार व्यवस्था को लेकर आयोजित की गई।

गंगटोक के बलुआखानी स्थित राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से संचालित की गई इस बैठक का उद्देश्य एसआईआर प्रक्रिया को लेकर मीडिया की भूमिका, सूचना प्रसार और जनजागरुकता को प्रभावी बनाना था। बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू की गई एसआईआर प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना है। इसके साथ ही अपात्र मतदाताओं के नाम शामिल होने से रोकना और मृत, स्थानांतरित तथा अनुपस्थित मतदाताओं के नामों को सूची से हटाना भी इस प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

इस दौरान, उप निदेशक अपूर्व कुमार सिंह ने एसआईआर प्रक्रिया के उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इस प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने में मीडिया की अहम भूमिका है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एसआईआर से जुड़ी खबरें संतुलित, सटीक और जिम्मेदारी के साथ प्रकाशित व प्रसारित की जानी चाहिए।

बैठक में मतदाता पात्रता, सिक्किम में एसआईआर कराने की आवश्यकता, बुजुर्ग, बीमार और दिव्यांग मतदाताओं के लिए प्रावधानों के साथ-साथ प्रवासी मतदाताओं से जुड़े सवालों पर भी चर्चा की गई। उप निदेशक ने तैयारी चरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी जानकारी दी। इनमें प्रशिक्षण, प्रपत्रों की छपाई, सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार, मतदाता जागरूकता अभियान और जमीनी स्तर पर जागरुकता गतिविधियां शामिल रहीं। इस दौरान अन्य राज्यों में चुनावी साक्षरता क्लबों और एसआईआर जागरुकता पहलों से संबंधित वीडियो भी दिखाए गए।

बैठक में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण, दावे और आपत्तियों की अवधि, अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन, अपील प्रक्रिया और मीडिया निगरानी केंद्रों की स्थापना पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा, अपूर्व कुमार सिंह ने मसौदा मतदाता सूची के प्रकाशन दिवस पर की जाने वाली गतिविधियों, पूर्व-मसौदा बैठकों, जिला निर्वाचन अधिकारियों और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारियों तथा अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन दिवस की तैयारियों पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में निर्वाचन विभाग की विशेष सचिव ताशी छोडेन भूटिया, संयुक्त सचिव सोनम छोकी योनजोन और सीईओ, सिक्किम के कार्यालय के अधिकारी उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics