गंगटोक : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी सिक्किम यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए आज ताशीलिंग सचिवालय सभागार में मुख्य सचिव आर तेलंग की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय तैयारी बैठक की गई।
बैठक में सुरक्षा तैयारियों का व्यापक मूल्यांकन करते हुए पीएम की यात्रा के दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच निर्बाध समन्वय, बारीक योजना और निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने की आवश्यकता पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने सभी व्यवस्थाएं सुचारू, सुरक्षित और कुशल तरीके से पूरी करने हेतु विभिन्न विभागों के बीच मजबूत तालमेल के महत्व पर जोर दिया।
वहीं, सुरक्षा के अलावा बैठक में विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा भी की गई जिसमें सभी संबंधित विभागों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। इनमें यात्रा तैयारी के संबंध में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। इनमें चिकित्सा तैयारियों, संसाधनों की तैनाती, आकस्मिक योजना और समग्र परिचालन तत्परता जैसे प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया। इनका मुख्य उद्देश्य यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कार्यों का समय पर निष्पादन और प्रभावी प्रतिक्रिया तंत्र सुनिश्चित करना था।
बैठक में पुलिस महानिदेशक अक्षय सचदेव, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सीएस राव, शहरी विकास आयुक्त सह सचिव जितेंद्र सिंह राजे, प्रधान शिक्षा सचिव संदीप तांबे, विभिन्न विभागीय प्रमुखों, राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गंगटोक डीएसी और अन्य विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
No Comments: