शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण के आधार स्तंभ : लोकनाथ शर्मा

गेजिंग : गेजिंग-बर्मेक विधानसभा क्षेत्र के महात्मा श्रीजंगा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले तीन शिक्षकों को सम्मानित एवं अभिनंदित किया गया। इनमें राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक किंजांग दोरजी भूटिया, राज्य पुरस्कार से सम्मानित बर्मेक डांड़ागांव निम्न माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामकुमार शर्मा तथा महात्मा श्रीजंगा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के स्नातक शिक्षक पूर्णकुमार शर्मा शामिल रहे।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं राज्य सरकार के सलाहकार लोकनाथ शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में जिला पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत अध्यक्षों, पंचायत सदस्यों, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकनाथ शर्मा ने पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों की मेहनत, समर्पण और शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का योगदान केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विधायक ने कहा कि पिछले सात वर्षों में गेजिंग-बर्मेक विधानसभा क्षेत्र ने शिक्षा के साथ-साथ मानव संसाधन विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत वक्तव्यों की भी प्रशंसा की और कहा कि विद्यार्थी ही देश के भविष्य के निर्माता हैं तथा उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट कविताओं का भी पाठ किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने के साथ विद्यार्थियों को शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया गया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics