पाकिम : आगामी विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मद्देनजर जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा पाकिम थाना और माचोंग पीएचसी के सहयोग से आज सिगरेट एवं अन्य तंबाकू नियंत्रण कानून (कोटपा) के तहत विशेष अभियान चलाया।
अभियान माचोंग पीएचसी क्षेत्र, आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा माचोंग गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पाराखा जूनियर हाई स्कूल और लिंके सेकेंडरी स्कूल के आसपास चलाया गया। इसमें शामिल प्रवर्तन दल में जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ, पाकिम एनटीसीपी जिला की कार्यक्रम समन्वयक डॉ दिगचा राई, माचोंग पीएचसी के चिकित्सा अधिकारी डॉ बिदुत राई, डेंटल सर्जन डॉ भावना शर्मा और पाकिम पीएचसी की दीपिका छेत्री शामिल थीं। इस अभियान में पुलिस के हेड कांस्टेबल पालदेन दोर्जी भूटिया और एसए छिरिंग डेंका भूटिया ने सहयोग किया।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों और सार्वजनिक स्थानों की जांच की गई। टीम ने कोटपा नियमों के पालन की स्थिति देखी, जिसमें खुले सिगरेट की बिक्री पर रोक और शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित होने जैसे नियम शामिल हैं। साथ ही सार्वजनिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में “धूम्रपान निषेध” संकेतक लगाए गए हैं या नहीं, इसकी भी जांच की गई।
इस दौरान, दुकानदारों और आम लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने लोगों से तंबाकू नियंत्रण कानूनों का पालन करने की अपील करते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान तथा शिक्षण संस्थानों के पास तंबाकू उत्पादों की बिक्री कानूनन दंडनीय है। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों से चालान के माध्यम से कुल 600 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद भी जब्त किए गए। वहीं पहली बार नियम तोड़ने वालों को चेतावनी देकर छोड़ा गया।
जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने इस अभियान में सहयोग के लिए पाकिम जिला पुलिस का आभार जताया। विभाग ने कहा कि जिले को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए नियमित रूप से प्रवर्तन और जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।
No Comments: