सिक्किम की पर्यावरण प्रतिबद्धता देश के लिए मिसाल : ओम प्रकाश माथुर

कर्नाटक के वरिष्ठ पत्रकारों से राज्यपाल की मुलाकात

गंगटोक : सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर से आज लोकभवन में कर्नाटक के वरिष्ठ पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। यह दौरा भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तत्वावधान में पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा आयोजित मीडिया अंतर-राज्यीय अध्ययन यात्रा के अंतर्गत संपन्न हुआ। इस अवसर पर सिक्किम के लोकसभा सांसद इंद्र हांग सुब्बा भी उपस्थित रहे।

कर्नाटक के इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पीआईबी के सहायक निदेशक मधु एम.ने किया, जबकि सिक्किम प्रदेश की ओर से मानस प्रतिम सरमा उपस्थित रहे। इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान राज्यपाल, लोकसभा सांसद और वरिष्ठ पत्रकारों के बीच विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। राज्यपाल महोदय ने पत्रकारों से संवाद करते हुए सिक्किम सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही कई महत्त्वपूर्ण पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने विशेष रूप से पर्यावरण के प्रति सिक्किम की अटूट प्रतिबद्धता और देश के पहले पूर्ण जैविक राज्य के रूप में इसकी उपलब्धि पर प्रकाश डाला।

राज्यपाल महोदय ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और नीति-निर्धारण में उनकी भागीदारी बढ़ाने के राज्य के प्रयासों को भी रेखांकित किया। साथ ही राज्यपाल महोदय ने सिक्किम को इको-टूरिज्म तथा पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों को बढ़ावा देने के क्षेत्र में अपार संभावनाओं का राज्य बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी दृष्टिकोण वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत सिक्किम के सीमावर्ती गांवों में बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं के विकास की प्रगति पर भी चर्चा हुई। राज्यपाल महोदय ने सिक्किम की सुव्यवस्थित और अनुशासित ट्रैफिक व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे देश के अन्य राज्यों के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बताया।

चर्चा में भाग लेते हुए लोकसभा सांसद इंद्र हांग सुब्बा ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा कनेक्टिविटी से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सिक्किम के विकास और यहां की भौगोलिक चुनौतियों से जुड़े विषयों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। साथ ही उन्होंने राज्यपाल महोदय के सार्वजनिक जीवन के लंबे अनुभव को सिक्किम के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में राज्य विकास के नए आयाम छू रहा है। इस अवसर पर पत्रकारों ने सिक्किम की विकास योजनाओं, भौगोलिक चुनौतियों और भविष्य के रोडमैप से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका राज्यपाल ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।

 

Next Post

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics