गंगटोक : सिक्किम में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 1 से 7 नवम्बर तक सिक्किम एडवेंचर टूरिज्म फेस्ट 2026 का आयोजन किया जाएगा। नामची जिले के लिंकखिम टार में होने वाले इस सात दिवसीय महोत्सव में राज्य के सभी छह जिलों में हवा, जमीन और पानी से जुड़ी 20 से अधिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग ने शुक्रवार को अपने कार्यालय परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी।
महोत्सव का उद्देश्य सिक्किम को प्रमुख एडवेंचर टूरिज्म गंतव्य के रूप में स्थापित करने के साथ टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना, आजीविका के अवसर पैदा करना और राज्य के पर्यटन क्षेत्र को मजबूत बनाना है।
पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के एडवेंचर शाखा के अपर निदेशक तेनजिंग गेले ने बताया कि सिक्किम में पहली बार इस तरह का महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन मिलने के साथ अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी। विभाग के एडवेंचर शाखा के अपर निदेशक और इंडियन हिमालयन सेंटर फॉर एडवेंचर एंड इको-टूरिज्म (आईएचसीएई) के प्रिंसिपल काजी शेरपा ने लिंकखिम तार को महोत्सव का मुख्य केंद्र बताया। यहां जिपलाइनिंग, रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलूनिंग और बाधा दौड़ जैसी गतिविधियां प्रमुख आकर्षण होंगी। इसके अलावा राज्य के विभिन्न जिलों में ट्रेकिंग अभियान और प्रकृति आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
विभाग के उप निदेशक मनोज छेत्री ने पैराग्लाइडिंग को महोत्सव की प्रमुख गतिविधियों में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि इसमें भाग लेने वाली टीमों के सदस्यों को सिक्किम इंस्पायर्स के तहत प्रशिक्षण दिया गया है और उनका पंजीकरण किया गया है। इस गतिविधि के लिए पंजीकरण कराने वाले प्रतिभागियों को बीमा सुरक्षा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उप निदेशक बृंदा मोहन सुब्बा ने साइकिलिंग और ट्रेकिंग कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव के दौरान हार्ट ऑफ सिक्किम ट्रेक और ड्जोंगरी-सिंगालीला राउंड ट्रेक जैसे मार्गों को बढ़ावा दिया जाएगा। टूर डी सिक्किम का दूसरा संस्करण भी आयोजित होगा। इसके तहत छह दिन और पांच रात का माउंटेन बाइकिंग अभियान होगा, जिसमें ऐतिहासिक सिल्क रूट पर लगभग 253 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। यह मार्ग करीब 4,279 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचेगा। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए मामूली दरों पर साइकिल किराये पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
महोत्सव में पक्षी दर्शन के कार्यक्रम भी शामिल होंगे। पूर्व सिक्किम में रोंगली-लुंगथु-जुलुक-पंगोलाखा क्षेत्र और पश्चिम सिक्किम में पेलिंग-खेचियोपलरी-कंचनजंघा क्षेत्र में प्रकृति आधारित पर्यटन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जैव विविधता संरक्षण के प्रति जागरुकता बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।
पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की आईटी शाखा की सहायक निदेशक श्रीजना प्रधान ने पंजीकरण और टिकट बुकिंग की प्रक्रिया की जानकारी दी। प्रतिभागी महोत्सव की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। ऑफलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। पर्यटकों की जानकारी और टिकट खरीदने के लिए गंगटोक के एमजी मार्ग पर एक काउंटर स्थापित किया जाएगा। विभाग के अवर सचिव नामग्याल लेप्चा ने गंगटोक एडवेंचर रिले की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इसमें भाग लेने के लिए प्रति व्यक्ति 7,500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
विभाग ने बताया कि सभी गतिविधियां निर्धारित संचालन और सुरक्षा नियमों के अनुरूप आयोजित की जाएंगी। जहां आवश्यक होगा, वहां प्रशिक्षित कर्मियों और प्रमाणित संचालकों की सेवाएं ली जाएंगी। प्रतिभागियों को कार्यक्रमों की समय-सारिणी, शुल्क, पात्रता और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के लिए आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह दी गई है। प्रेस वार्ता में पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।
No Comments: