आयुष्मान भारत योजना में Sikkim अव्वल, मिला राष्ट्रीय सम्मान

गंगटोक : राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सिक्किम राज्य स्वास्थ्य एजेंसी को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित आरोग्य मंथन 2026 के दौरान सिक्किम को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला छोटा राज्य के रूप में प्रशस्ति प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।

यह सम्मान आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत नागरिकों और स्वास्थ्यकर्मियों के पंजीकरण तथा विशेष रूप से आयुष्मान कार्ड जारी करने में सिक्किम की उपलब्धियों के लिए दिया गया। कार्यक्रम केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के आठ वर्ष तथा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुनील कुमार बर्नवाल (आईएएस) ने प्रशस्ति प्रमाणपत्र जारी किया। सिक्किम राज्य स्वास्थ्य एजेंसी की ओर से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रधान निदेशक डॉ संगीता प्रधान ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से यह सम्मान प्राप्त किया।

इस अवसर पर अन्य गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इस राष्ट्रीय सम्मान को आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा और सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज सुनिश्चित करने की दिशा में सिक्किम के प्रयासों की मान्यता के रूप में देखा गया। राज्य के प्रतिनिधियों ने इस उपलब्धि में जमीनी स्तर के स्वास्थ्यकर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय कर्मियों के समन्वित प्रयासों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। राज्य स्वास्थ्य एजेंसी ने सिक्किम के सभी नागरिकों के लिए सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज, डिजिटल स्वास्थ्य अवसंरचना और सुलभ चिकित्सा सेवाओं को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics