‘एसआईसीयूएन हाट’ से सहकारी उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार

एसआईसीयूएन की नई पहलों को सरकार का पूरा समर्थन : अरुण उप्रेती

गंगटोक : सिक्किम स्टेट कॉपरेटिव यूनियन (एसआईसीयूएन) की ओर से मंगलवार को सीएईपीएचटी, घट्टे डांड़ा (रानीपुल) स्थित सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर सहकारी क्षेत्र को मजबूत करने और सहकारी उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आरडीडी, पंचायती राज एवं सहकारिता विभाग के मंत्री अरुण उप्रेती ने सीएईपीएचटी परिसर में एसआईसीयूएन हाट का उद्घाटन कर किया। इसके बाद सभागार में औपचारिक कार्यक्रम हुआ।

कार्यक्रम में सहकारिता विभाग की अध्यक्ष विद्या विश्वकर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इनके अलावा सहकारिता विभाग की पीआरसीएस सह सचिव जाबी थापा, सहकारी समितियों की रजिस्ट्रार पेमा ओंग्मु, एसआईसीयूएन के अध्यक्ष डॉ मंगलजीत राई, उपाध्यक्ष पीपी शर्मा, एसआईसीयूएन के बोर्ड सदस्य, विभागीय अधिकारी, शीर्ष सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि, सीएईपीएचटी के डीन एवं विभागाध्यक्ष, स्थानीय सहकारी समितियों के पदाधिकारी तथा एसआईसीयूएन के कर्मचारी उपस्थित थे।

मुख्य अतिथि मंत्री अरुण उप्रेती ने एसआईसीयूएन के नेतृत्व और कर्मचारियों को इन महत्वपूर्ण पहलों के लिए बधाई दी। उन्होंने एसआईसीयूएन के अध्यक्ष डॉ मंगलजीत राई के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में मजबूत, टिकाऊ और प्रगतिशील सहकारी व्यवस्था के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार एसआईसीयूएन के विकास तथा सिक्किम में सहकारी आंदोलन को मजबूत करने के लिए निरंतर सहयोग और समर्थन देती रहेगी। मंत्री ने एसआईसीयूएन को प्रतिष्ठित एसकेओएच पुरस्कार मिलने पर भी बधाई दी। उन्होंने इसे सिक्किम के सहकारी आंदोलन की महत्वपूर्ण उपलब्धि और गौरव का विषय बताया।

मुख्य वक्तव्य में सहकारिता विभाग की पीआरसीएस सह सचिव जाबी थापा ने एसआईसीयूएन की पहलों की सराहना करते हुए भविष्य के प्रयासों में विभाग के निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि एसआईसीयूएन की दीर्घकालिक स्थिरता और संस्थागत मजबूती सिक्किम में सहकारी आंदोलन के विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों के प्रचार-प्रसार और विकास के लिए समर्पित गैर-लाभकारी शीर्ष संस्था के रूप में एसआईसीयूएन को अन्य शीर्ष सहकारी संस्थाओं और संगठनों के निरंतर सहयोग, समन्वय और सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता है। सामूहिक प्रयासों से एसआईसीयूएन अपने कार्यक्रमों का विस्तार करने के साथ राज्य में अधिक मजबूत, समावेशी और टिकाऊ सहकारी आंदोलन के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकेगा।

एसआईसीयूएन के अध्यक्ष डॉ मंगलजीत राई ने कहा कि सहकारी उत्पादों के लिए मजबूत बाजार संपर्क विकसित करने के साथ सहकारी शिक्षा, डिजिटल सेवाओं और संस्थागत विकास में निवेश करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एसआईसीयूएन हाट को ऐसा मंच बनाने की परिकल्पना की गई है, जहां सहकारी समितियों के उत्पादों को व्यापक पहचान और बाजार उपलब्ध हो सके। इससे सहकारी सदस्य और उत्पादक केवल उत्पादन तक सीमित न रहकर बेहतर ब्रांडिंग, पैकेजिंग, मूल्य निर्धारण और मूल्य संवर्धन की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

डॉ राई ने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले के दूरदर्शी नेतृत्व और सहकारी समितियों को निरंतर मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सहकारिता विभाग के मंत्री अरुण कुमार उप्रेती तथा पीआरसीएस सह सचिव जाबी थापा के मार्गदर्शन और सहयोग की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि एसआईसीयूएन की निरंतर सफलता और स्थायित्व के लिए सरकार, सहकारिता विभाग, शीर्ष सहकारी संस्थाओं और सहकारी समितियों के बीच सामूहिक जिम्मेदारी और सहयोग आवश्यक है। कार्यक्रम में सहकारी उत्पादों की बाजार क्षमता बढ़ाने के लिए सहकारी उत्पादों की रणनीतिक मार्केटिंग, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मूल्य निर्धारण विषय पर प्रस्तुति दी गई। यह प्रस्तुति सहकारिता विभाग (गंगटोक) के एआरसीएस रिवाज सिंचुरी ने दी।

मुख्य अतिथि ने एसआईसीयूएन के तीन माह के सहकारी प्रबंधन डिप्लोमा पाठ्यक्रम की पुस्तिका का भी विमोचन किया। यह पाठ्यक्रम सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत आनंद, गुजरात स्थित त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय से संबद्ध है। इसका उद्देश्य सहकारी सदस्यों, कर्मचारियों और संबंधित लोगों में पेशेवर ज्ञान एवं व्यावहारिक कौशल विकसित करना है। पाठ्यक्रम एवं पाठ्यक्रम संरचना की संक्षिप्त जानकारी एसआईसीयूएन के जेसीटीसी की संकाय सदस्य थिनले पेमू भूटिया ने दी। इसके अलावा एसआईसीयूएन कनेक्ट नामक त्रैमासिक ई-पत्रिका की शुरुआत की गई। इसके माध्यम से सिक्किम में सहकारी आंदोलन से संबंधित गतिविधियों, उपलब्धियों, सूचनाओं और विकास कार्यों को साझा किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान आरटीओ, जलीपूल के निकट स्थापित एसआईसीयूएन सीएससी का भी डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया गया। इसके माध्यम से सहकारी नेटवर्क के जरिए नागरिकों को सुलभ और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। कार्यक्रम का स्वागत भाषण एसआईसीयूएन के कार्यकारी अधिकारी शैलेश राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एसआईसीयूएन के उपाध्यक्ष पीपी शर्मा ने दिया। एसआईसीयूएन की ओर से शुरू की गई इन पहलों का उद्देश्य सिक्किम में आधुनिक, बाजारोन्मुख, डिजिटल रूप से सक्षम और पेशेवर सहकारी व्यवस्था को मजबूत करना है। ये पहल सहकार से समृद्धि की भावना के अनुरूप सहकारी क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics