चुंगथांग : उत्तरी सिक्किम के तरुम छू में चल रहे सड़क बहाली कार्य का बुधवार को चुंगथांग के उप-मंडलाधिकारी (एसडीएम) अरुण छेत्री ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ चुंगथांग के एसडीपीओ चंदन छेत्री भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बहाली कार्य की प्रगति का जायजा लेने के साथ सुरक्षित आवागमन बहाल करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान 86 आरसीसी के ऑफिसर कमांडिंग डी विवेक ने सड़क बहाली कार्य की प्रगति और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों तथा खराब मौसम के कारण सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी दी। एसडीएम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य कर रहे सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के जवानों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सड़क संपर्क जल्द से जल्द बहाल करना प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित सभी एजेंसियों को कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि बीआरओ और अन्य संबंधित एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से तरुम छू में सड़क बहाली का कार्य शीघ्र पूरा होगा, जिससे स्थानीय लोगों और आवश्यक सेवाओं की आवाजाही फिर से सुचारु हो सकेगी।
No Comments: