सिक्किम में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर दिखी वैज्ञानिक सोच, छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

गंगटोक : सिक्किम के नामली स्थित सिक्किम साइंस सेंटर में 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस-2026 उत्साह और वैज्ञानिक भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सिक्किम राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा किया गया, जबकि सिक्किम सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का सहयोग रहा। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘विकसित भारत 2047 की दिशा में भारत की अंतरिक्ष यात्रा’ रखी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिक्किम राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के निदेशक डॉ सुमन थापा रहे। कार्यक्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के उप निदेशक, बोजोगारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गंगटोक के प्रधानाचार्य शरद पौड्याल, पाकिम एवं गंगटोक जिलों के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें चित्रकला, निबंध लेखन और पावर पॉइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता प्रमुख रहीं।

विभिन्न विद्यालयों के करीब 15 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक समझ और भारत की बढ़ती अंतरिक्ष क्षमताओं के प्रति जागरूकता का प्रदर्शन किया। चित्रकला प्रतियोगिता में सेंट जेवियर्स स्कूल, पाकिम ने प्रथम स्थान हासिल किया। ताशी नामग्याल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गंगटोक दूसरे और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नाम्चेबुंग, पाकिम तीसरे स्थान पर रहा। निबंध प्रतियोगिता में पीएम श्री देवराली गर्ल्स वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बोजोगारी दूसरे तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तादोंग तीसरे स्थान पर रहा।

वहीं पावरपॉइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रुम्‍तेक ने प्रथम स्थान हासिल किया। बृहस्‍पति परसाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रानीपुल दूसरे और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बोजोगारी तीसरे स्थान पर रहा। कार्यक्रम के तकनीकी सत्रों में विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और विज्ञान एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम विकास की जानकारी साझा की।

एसआरएम विश्वविद्यालय सिक्किम के सेंटर फॉर एस्ट्रोफिजिक्स, ग्रैविटेशन एंड कॉस्मोलॉजी के एसोसिएट प्रोफेसर एवं अध्यक्ष डॉ शुभ्रांशु घोष ने खगोल विज्ञान, खगोल भौतिकी तथा अंतरिक्ष विज्ञान के व्यापक महत्व पर विद्यार्थियों से संवाद किया। सिक्किम विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ रूपक मुखर्जी ने परमाणु संलयन, खगोल भौतिकी और मशीन लर्निंग से जुड़े अपने शोध क्षेत्रों तथा उभरते वैज्ञानिक अनुसंधान एवं उनके अनुप्रयोगों पर विचार साझा किए।

वहीं एसआरएम विश्वविद्यालय सिक्किम के वनस्पति विज्ञान विभाग में अनुसंधान एवं विकास की उप निदेशक डॉ ओ इंद्रिला बिस्वास ने वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत की अंतरिक्ष यात्रा, अंतरिक्ष अनुसंधान की उपलब्धियों, भविष्य की संभावनाओं तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला। चित्रों, निबंधों और पावरपॉइंट प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों के साथ-साथ अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के भविष्य की संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में युवा पीढ़ी की भूमिका पर भी अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सिक्किम साइंस सेंटर की विभिन्न गतिविधियों और सुविधाओं से सीधे जुड़ने का अवसर मिला।

विद्यार्थियों, शिक्षकों, विषय विशेषज्ञों और विज्ञान केंद्र के कर्मचारियों के बीच संवाद से सीखने का समृद्ध वातावरण तैयार हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, रचनात्मकता और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना रहा। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम और वैज्ञानिक प्रगति के प्रति सक्रिय रुचि विकसित करने के लिए प्रेरित करते हैं। विद्यार्थियों की पावर पॉइंट प्रस्तुतियों सहित पूरा कार्यक्रम प्रतिभागी विद्यालयों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, विषय विशेषज्ञों और विज्ञान केंद्र के कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम ने सिक्किम राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा सिक्किम सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवा पीढ़ी को भारत की अंतरिक्ष यात्रा और वैज्ञानिक विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics