RBI गंगटोक का ‘कॉलेज कॉन्क्लेव’ आयोजित

युवाओं को करियर व उद्यमिता के अवसरों से किया अवगत

गंगटोक : भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई), गंगटोक द्वारा ‘कॉलेज कॉन्क्लेव फॉर नॉर्थ-ईस्ट स्टूडेंट्स इन सिक्किम– करियर अपॉर्च्युनिटीज एंड एंटरप्रेन्योरशिप’ विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सिक्किम के विभिन्न विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत पूर्वोत्तर के छात्रों तथा राज्य के स्टार्टअप उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बैंकिंग, उद्यमिता और वित्तीय क्षेत्र में नवाचार से जुड़े करियर विकल्पों पर संवाद का मंच उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर आरबीआई गंगटोक के उप महाप्रबंधक रॉडनी क्रिस्टोफर वेलेंटाइन ने अपने संबोधन में क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं के माध्यम से वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने की बैंक की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।

मुख्य वक्ता के रूप में क्षेत्रीय निदेशक थोटंगम जमांग ने पूर्वोत्तर क्षेत्र की अपार संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि युवा ही सतत आर्थिक विकास के वाहक हैं। उन्होंने उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए छात्रों को सही करियर चयन के महत्व पर जोर दिया।

प्रातःकालीन सत्र में आरबीआई के प्रबंधक मोइरांगथेम अमरजीत सिंह ने ‘पूर्वोत्तर में उद्यमिता के अवसर’ विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इसके बाद ‘आवरगेस्ट’ के सह-संस्थापक कर्मा थुटोप ने ‘स्टार्टअप कैसे शुरू करें’ विषय पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि स्टार्टअप यात्रा में उतार-चढ़ाव स्वाभाविक हैं और सही अवसरों को पहचानना सफलता की कुंजी है।

इसके पश्चात नवाचार पर केंद्रित सत्र में ‘अपुफी एआई’ के दिवाश कपिल छेत्री और सुलभ राज गुरूंग ने एआई आधारित उद्यम विकसित करने के अनुभव साझा किए। उन्होंने प्रोडक्ट-मार्केट फिट (पीएफएफ) और बाजार की मांग को समझने के महत्व पर प्रकाश डाला।

दोपहर के सत्र में आरबीआई की प्रबंधक सुश्री अदिति हल्दार ने ;वित्तीय क्षेत्र में करियर के अवसर; विषय पर जानकारी दी, जबकि सोहन सिंह राजपुरोहित ने बैंकिंग क्षेत्र में वित्तीय साक्षरता और शिकायत निवारण तंत्र पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम का समापन एक संवादात्मक सत्र के साथ हुआ, जिसमें छात्रों ने विशेषज्ञों और आरबीआई अधिकारियों से सीधे प्रश्न पूछकर अपने संदेह दूर किए। अंत में उप महाप्रबंधक सुधीर कानेकर ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि आरबीआई पूर्वोत्तर क्षेत्र में कौशल विकास और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन शैक्षणिक ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव के बीच सेतु का कार्य करते हैं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics