गंगटोक : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 और 28 अप्रैल को सिक्किम के दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान में रविवार को यह जानकारी दी गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री 27 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे गंगटोक पहुंचेंगे। इसके बाद 28 अप्रैल की सुबह करीब 9:30 बजे वे गंगटोक स्थित ऑर्किडेरियम का दौरा करेंगे। राज्य की जैव-विविधता और पुष्पीय विरासत को प्रदर्शित करने के लिए स्वर्णजयंती मैत्री मंजरी पार्क को एक आधुनिक ऑर्किड अनुभव केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
इसके बाद सुबह करीब 10 बजे प्रधानमंत्री गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में सिक्किम के राज्यत्व के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समापन समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे तथा जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
ये परियोजनाएं बुनियादी ढांचा, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि जैसे कई क्षेत्रों से जुड़ी हैं, जिनका उद्देश्य राज्य के समग्र और समावेशी विकास को गति देना है। स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रधानमंत्री नामची जिले के यांगगांग में 100 बेड के आयुर्वेद अस्पताल का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वे एनआईटी देवराली में 30 बेड वाले एकीकृत सोवा-रिग्पा अस्पताल का उद्घाटन करेंगे।
शिक्षा क्षेत्र में प्रधानमंत्री सिक्किम विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस यूनिवर्सिटी ऑफ एक्सीलेंस के प्रशासनिक भवन, हेलेन लेप्चा मेडिकल कॉलेज, देंताम प्रोफेशनल कॉलेज सहित कई संस्थानों का उद्घाटन करेंगे। साथ ही 160 स्कूलों में आईटी आधारित शैक्षणिक ढांचा परियोजनाओं की शुरुआत भी करेंगे।
कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री तीस्ता नदी पर दो डबल-लेन स्टील आर्च पुलों का शिलान्यास करेंगे, जो नामची और गंगटोक जिलों को जोड़ेंगे। इसके अलावा बिर्धांग से नामची सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का उद्घाटन भी करेंगे। ऊर्जा क्षेत्र में गंगटोक में ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के उन्नयन का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और मजबूत होगी।
शहरी विकास के तहत प्रधानमंत्री लुमसे में जन सेवा सचिवालय (मिनी सचिवालय), गंगटोक में सिविल सर्विस ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट और विभिन्न आवासीय योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही एमजी मार्ग पर ‘सद्भाव मंडप’ का शिलान्यास भी किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण के तहत सिंगताम में सीवरेज सिस्टम के पुनर्वास तथा रानी चू नदी के प्रदूषण नियंत्रण परियोजना का शुभारंभ किया जाएगा। पर्यटन और तीर्थ क्षेत्र में रिज प्रीसिंक्ट के पुनर्विकास, सोरेंग के दोदक में इको-टूरिज्म सुविधाओं, कैलाश मानसरोवर यात्रा से जुड़े बुनियादी ढांचे और नामफिंग में यात्री निवास का उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा ग्यालशिंग जिले में इको-पिलग्रिमेज कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास भी होगा।
प्रधानमंत्री सिक्किम आईएफएफसीओ प्रोसेसिंग प्लांट का उद्घाटन करेंगे, जिससे कृषि प्रसंस्करण और किसानों की आय को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही पाकिम जिले के रंगपो में इनडोर क्रिकेट सुविधाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा। प्रधानमंत्री का यह दौरा सिक्किम के राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है और इससे राज्य तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र के तेज और सतत विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
No Comments: