सिर्फ प्रशिक्षण नहीं, कार्यक्षेत्र में कौशल का उपयोग भी जरूरी: मदन सिंचुरी

नामची : सिक्किम सरकार युवाओं को कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने तथा रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार के कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में राज्य क्षमता निर्माण संस्थान (एसआईसीबी) की ओर से मंगलवार को कारफेक्टार स्थित संस्थान परिसर में परामर्श एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण, विभिन्न सरकारी योजनाओं और कौशल विकास के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर सालघारी-जूम के विधायक एवं कौशल विकास तथा परिवहन सलाहकार मदन सिंचुरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उनके साथ, मुख्यमंत्री के प्रेस सचिव युगन तमांग, स्टेट बैंक ऑफ सिक्किम के सलाहकार बीरेन चंद्र राई, सिक्किम राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डीबी रावत तथा कौशल विकास विभाग के सचिव तुषार निखारे सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मदन सिंचुरी ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग का उद्देश्य सिक्किम के युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में आधुनिक और व्यावहारिक कौशल से सुसज्जित करना है, ताकि वे राज्य के भीतर ही नहीं, बल्कि देश के अन्य हिस्सों में भी रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि कौशल विकास विभाग और एसआईसीबी विभिन्न रोजगार क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने एसआईसीबी के अंतर्गत संचालित विभिन्न आजीविका प्रशिक्षण केंद्रों में अध्ययनरत युवाओं से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने तथा अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ अपने कौशल को विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल प्रशिक्षण प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उससे अर्जित ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव का वास्तविक कार्यक्षेत्र में प्रभावी उपयोग करना भी आवश्यक है।

विधायक ने आगे कहा कि आने वाले दिनों में कौशल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इनका लाभ मिल सके।

वहीं, कौशल विकास सचिव तुषार निखारे ने कहा कि विभाग सिक्किम के युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कौशल आधारित प्रशिक्षण और विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयासों से युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग भविष्य में भी कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए नई पहल करेगा तथा यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा कि सरकारी योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ जरूरतमंद युवाओं तक पहुंचे।

सचिव ने ‘विकसित सिक्किम 47’ और ‘विकसित भारत 47’ के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं से नियुक्ति केंद्र से संपर्क कर अपनी रुचि और रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप आवश्यक कौशल प्राप्त करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान तुषार निखारे ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से सीधा संवाद भी किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपलब्ध सुविधाओं, आवश्यकताओं और सुधार संबंधी सुझावों की जानकारी ली।

कार्यक्रम के दौरान कौशल विकास और रोजगार से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रकाशनों का विमोचन किया गया। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (डीडीयू-जीकेवाई) के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर सफलता हासिल करने वाले युवाओं की उपलब्धियों पर आधारित पत्रिका ‘सक्सेस स्टोरीज : जर्नीज ऑफ स्किल, ग्रोथ एंड सक्सेस’ का विमोचन किया गया।

इसके साथ ही एसआईसीबी द्वारा डीडीयू-जीकेवाई के अंतर्गत तैयार ‘स्किल गैप एंड स्किल नीड्स असेसमेंट सर्वे’ रिपोर्ट जारी की गई। इस रिपोर्ट के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में कौशल की कमी और प्रशिक्षण संबंधी आवश्यकताओं का आकलन किया गया है।

इस अवसर पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सिक्किम के सभी छह जिलों की जिला विकास योजनाओं का भी अनावरण किया गया। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-27 में भाग लेने वाली टीम सिक्किम की आधिकारिक वर्दी का अनावरण किया गया।

संस्थान की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और डिजिटल बनाने की दिशा में एसआईसीबी के आंतरिक प्रबंधन सूचना प्रणाली (एमआईएस) पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया। इस पोर्टल को एसआईसीबी के युवा पेशेवर प्रीतम शाह, सूदन सापकोटा और केसांग शेरपा ने विकसित किया है।

कार्यक्रम में कौशल विकास विभाग की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त प्रसिद्ध बांस शिल्पकार एवं लेप्चा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षक रेन जोर्डन लेप्चा, अग्रणी मूर्तिकार जय कुमार राई, इंडिया स्किल्स 2025-26 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हेल्थ एंड सोशल केयर श्रेणी में कांस्य पदक विजेता सौरव गुरूंग तथा एसआईसीबी के पूर्व प्रशिक्षु भक्त बहादुर कामी शामिल थे।

कार्यक्रम में एसआईसीबी के अंतर्गत स्यारी, मेल्ली दारा और मंगलबारिया आजीविका प्रशिक्षण केंद्रों के विद्यार्थियों ने पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से सिक्किम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि उमा पोर्तेल, विधायक के ओएसडी राजू रोशन प्रधान, जोरथांग एसडीएम बीबी राई, एसआईसीबी के मुख्य प्रशासक विशाल राई, जोरथांग अनुमंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कौशल विकास विभाग एवं एसआईसीबी के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में प्रशिक्षु उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics